गाजियाबाद। मकान का नक्शा पास कराने के लिए अब जीडीए के चक्कर काटने के दिन खत्म होने जा रहे हैं। शासन जल्द ही भवन के नक्शे का पास कराने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था करने जा रहा है। इसके लिए फिलहाल सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन नक्शे की यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी, मगर इसकी शुरुआत गाजियाबाद से होगी। जीडीए अधिकारियों की मानें तो शासन स्तर से ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम की शुरुआत होने जा रही है।
इसके बाद आप घर बैठे ही कंप्यूटर के माध्यम से नक्शे के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नई व्यवस्था शुरू होने में हालांकि अभी समय है मगर व्यवस्था शुरू होने के बाद लोगों को अनावश्यक ही जीडीए के चक्कर लगाने से निजात मिल जाएगी।
जीडीए वीसी कंचन वर्मा के अनुसार शासन की इस योजना से संबंधित सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए शासन स्तर से ही 9 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही यह व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।