गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी के मैनेजर के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने एक कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद हमला किया। आरोप है कि हमलावर पूर्व में उन्हीं की कंपनी में नौकरी करते थे और चोरी होने पर तीनों को निकाल दिया था। तभी से वह उससे खुन्नस मान रहे थे। पीड़ित ने विजयनगर थाने में शिकायत की है।
एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि विक्की निवासी सरना मुरादनगर ने विजयनगर थाने में शंकर, अंकित, मोहित व दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। विक्की के मुताबिक वह एक निजी कंपनी में मैनेजर है। कंपनी में चोरी होने पर अंकित, दीपक व मोहित को नौकरी से निकाल दिया गया था। तभी से आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। इसी क्रम में 29 नवंबर को वह विजयनगर के कृष्णानगर बागू में सहकर्मी की शादी में पहुंचा तो वहां आरोपियों के साथियों ने विवाद कर दिया और गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। मामला संज्ञान में आने पर जब वह डीपीएस सिद्धार्थ विहार रेड लाईट पर पहुंचा तो आरोपियों ने लाठी-डंडो व बेल्ट से हमला कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग गए। एसीपी ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है, जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।