गाजियाबाद। साइबर ठगों ने इंदिरापुरम क्षेत्र में रहने वाली श्रुति खंडेलवाल से शेयर ट्रेडिंग के फर्जी मोबाइल फोन एप के माध्यम से निवेश के नाम पर 17 लाख 58 हजार 987 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता का दावा है कि साइबर ठग अभी भी उन पर रुपये ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे हैं। आरोपी ग्रुप और मोबाइल पर अभी भी लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध केशव चौधरी ने बताया कि इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा स्थित फ्रेंडस सोसायटी में रहने वाली श्रुति खंडेलवाल के मुताबिक 15 अक्तूबर को उन्होंने डीबीएस क्वॉलिटी स्टॉक रिकमेंडेड व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर ट्रेडिंग में जानकारी हासिल करनी चाही।
ग्रुप में रजत वर्मा नाम के युवक ने कुछ दिनों तक शेयर बाजार, ग्रो, अपस्टॉक्स जैसे वैध प्लेटफाॅर्म पर शेयर खरीदने के टिप्स दिए। कुछ दिनों बाद पांच से 10 प्रतिशत का लाभ दिलाने का झांसा देकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराया।
तीन नवंबर को उन्होंने डीबीएस क्विकलिटी स्टॉक फर्जी मोबाइल एप पर निवेश करना शुरू कराया। शुरुआत में कुछ मुनाफा भी हुआ और धनराशि खाते से निकाल ली। इसके बाद आरोपियों ने आईपीओ में निवेश करने के टिप्स दिए। इनके शेयर में निवेश करने का दबाव बनाया। लाखों रुपये निवेश कर उन्होंने डी-मैट खाते से रुपये निकालने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। शिकायत करने पर साइबर ठगों ने उनसे खाते में दर्शाए जा रही धनराशि का 20 प्रतिशत यानि 10 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद भी वह अपने खाते से रुपये नहीं निकाल सकी और ठग अतिरिक्त धनराशि ट्रांसफर करने का लगातार दबाव बना रहे हैं। ऐसे में पीड़िता ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी अभी भी उन्हें पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नंबर ट्रेकिंग पर लगाए गए हैं।