मसूरी। इन्द्रगढ़ी में दो भाइयों के परिवार की महिलाओं के बीच मारपीट होने के बाद, तमंचा लेकर भतीजा ताऊ के घर के बाहर तमंचा लहराते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़ित ने भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि 13 नवंबर को इन्द्रगढ़ी गांव में प्रथम पक्ष देशराज पुत्र नत्थू सिंह और द्वितीय पक्ष सत्यप्रकाश पुत्र नत्थू सिंह के परिवार की महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें घायल पक्ष का मेडिकल कराकर उनकी तहरीर के आधार पर सत्यप्रकाश सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी विवाद के बाद प्रथम पक्ष का युवक प्रशांत उर्फ मोगली पुत्र देशराज, अपने साथी सुनील पुत्र लालचंद के साथ तमंचा लेकर अपने ताऊ सत्यप्रकाश के घर के बाहर पहुंचा और गाली गलौज व धमकी देने लगा। घटना का वीडियो एक्स पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी प्रशांत उर्फ मोगली निवासी सतीश प्रधान के सामने वाली गली, इन्द्रगढ़ी मसूरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग से मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके ताऊ सत्यप्रकाश ने उसके माता-पिता के साथ मारपीट की थी। इसके चलते वह गुस्से में तमंचा लेकर धमकाने गया था।