- दूसरे युवक से बातचीत करने पर युवती से चल रहा था विवाद
- युवक ने रेस्तरां में चाकू से खुद पर हमला करने का किया प्रयास
- युवती के रोकने पर कई थप्पड़ बरसाने की बात स्वीकारी
माई सिटी रिपोर्टर
इंदिरापुरम। शॉपिंग मॉल में संचालित रेस्तरां की महिला कर्मी को चाकू दिखाकर थप्पड़ मारने वाले आरोपी डासना निवासी साजिद को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती से प्रेम-प्रसंग होने और दूसरे युवक से उसकी बातचीत होने पर मारपीट की बात स्वीकार की है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक मॉल की वीडियो वायरल हुई थी। वीडियो में युवक एक युवती से चाकू लेकर मारपीट करता दिखाई दे रहा था। जांच करने पर पता चला कि युवती मॉल में संचालित रेस्तरां कर्मी थी। छानबीन के बाद पुलिस आरोपी साजिद तक पहुंची। पूछताछ में साजिद ने पुलिस को बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी युवती और वह दो वर्ष पहले नोएडा सेक्टर-62 की एक फैक्टरी में मिले थे। दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्रेम संबंध में आ गए। कुछ समय बाद युवती इंदिरापुरम के शॉपिंग मॉल स्थित रेस्तरां में नौकरी करने लगी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि हाल ही में उसे जानकारी हुई कि उसकी प्रेमिका किसी अन्य युवक के साथ बातचीत करती है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह गुस्से में उस रेस्तरां पहुंचा जहां युवती कार्यरत थी। उसने रसोई में रखा चाकू उठाया और खुद पर हमला करने का प्रयास किया। इस पर युवती ने उसे रोका और रेस्तरां के बाहर ले गई। उसी समय गुस्से में युवती को थप्पड़ मारे थे। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
-