सोमवार को हज हाउस उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करने आए आजम खां पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगे नजर आए। मौका भले ही हज हाउस के उद्घाटन का रहा हो, मगर भाजपा और बसपा उनके निशाने पर रहीं। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने की कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे तंज कसते हुए आजम खां ने कहा कि देश का ‘बादशाह’ पूंजीपतियों का ब्रांड एंबेसडर बन गया है। पहली बार ऐसा हो रहा है कि बादशाह पूंजीपतियों के समर्थन में हैंडबिल बांटते घूम रहे हैं। देश में हजारों-लाखों लोग रोज भूखे सोने को मजबूर हैं और बादशाह दुश्मनों को खिलाने के लिए मलीहाबादी आम लेकर जा रहे हैं।
खुद की मां को तो उन्होंने दूर रखा है, मगर दुश्मन की मां के पैर छूकर पता नहीं वह जनता को कौन सा संदेश देना चाहते हैं। आजम खां ने कहा कि गाय और गंगा के नाम पर राजनीति करने वाले जरा यह बताएं कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से अचानक बीफ का कारोबार कैसे बढ़ गया। दिल्ली के पांच सितारा होटलों में बीफ खुलेआम मिलता है।
सरकार क्यों इस कारोबार पर प्रतिबंध नहीं लगातीं। इसका कारण यह है कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाले लोग ही इस कारोबार में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि अब कुछ लोग गंगा को अपना बताते हैं, मगर जिस प्रकार सूर्य, चंद्रमा, सितारों और इस प्रकृति को सभी मानते हैं उसी प्रकार गंगा को भी प्रत्येक मुसलमान अपना मानता है। गाय और गंगा के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों को बांटना चाहते हैं। जरूरत है ऐसे लोगों को पहचानकर उनका विरोध करने की।
भाजपा से ज्यादा बसपा है मुस्लिमों की ‘दुश्मन’
मुस्लिम मतदाताओं पर निशाना साधते हुए आजम खां ने कहा कि भाजपा से ज्यादा बसपा मुसलमानों की ‘दुश्मन’ है। एक पार्टी से अयोध्या, काशी और मथुरा के धर्मस्थलों पर विवाद है।
वह पार्टी भी धर्मस्थल के स्थान पर धर्मस्थल ही बनाना चाहती है, जबकि बसपा के संस्थापक कांशीराम ने एक बार कहा था कि अगर बाबरी मस्जिद विवाद का फैसला करने का अधिकार उन्हें मिल जाए तो वह उस स्थान पर शौचालय बनवा देंगे।
इतना ही नहीं आजम खां मंच से ही डा. भीमराव अंबेडकर पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नहीं चूके। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं को इंगित करते हुए कहा कि बसपा सरकार ने क्या आज तक एक भी जनपद या पार्क का नाम किसी मुस्लिम पूर्वज के नाम पर रखा है। आजम ने मंच से ही कहा कि अगर कोई एक भी ऐसा नाम गिनवा दे तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
सरकार दोबारा आई तो पैर से नहीं खींचे जाएंगे रिक्शा
आजम खां छोटे तबके को भी रिझाते दिखे। उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी व्यक्ति को पैर से रिक्शा खींचते हुए देखते हैं तो बड़ा दुख होता है। उनकी सरकार अगर दोबारा से सत्ता में आती है तो यूपी में पैर से खींचने वाली रिक्शा खत्म करा दिए जाएंगे और उनकी जगह रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा दिए जाएंगे।
बुजुर्ग महिलाएं सीएम को नहीं सुना सकीं अपना दुखड़ा
समाजवादी पेंशन के लिए कलक्ट्रेट के चक्कर लगाकर परेशान हो चुकीं बुजुर्ग महिलाएं भी सोमवार को सीएम से गुहार लगाने पहुंचीं, मगर वह अपना दर्द सीएम तक न पहुंचा सकीं। टीला मोड़ से आई अनारो ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से विधवा पेंशन के लिए चक्कर काट रही हैं।
कांशीराम आवासीय कालोनी से रामवती और डासना से जैनब का कहना है कि वे लोग दो वर्षों से समाजवादी पेंशन के लिए चक्कर काट रही हैं। अब तक भी उनकी पेंशन नहीं बनी है। सोचा था कि सीएम से शिकायत करेंगी, मगर अधिकारियों ने वहां तक जाने ही नहीं दिया।
हज हाउस से संवारा जाएगा छात्राओं का भविष्य
हज हाउस में जल्द ही सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाली छात्राओं को कोचिंग की सौगात मिलेगी। सीएम अखिलेश यादव और नगर विकास मंत्री आजम खां ने इसकी घोषणा मंच से की।
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि हज हाउस का उपयोग साल में एक माह के लिए ही होता है। ऐसे में इतनी बड़ी इमारत का उपयोग बच्चों का भविष्य संवारने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के हज हाउस में छात्राओं और लखनऊ के हज हाउस छात्रों के लिए कोचिंग सेंटर खोला जाएगा। इस पर जल्द ही पूरी प्लानिंग की जाएगी।
लोगों को चुप कराने को आजम ने थामा माइक
मंच पर सीएम के आने के बाद भी मैदान में लोग शोर कर रह थे। लोगों को शांत कराने के लिए नगर विकास मंत्री आजम खान ने खुद माइक थामा। उन्होंने लोगों को चुप रहकर अनुशासन बनाए रखने की अपील की। शायराना अंदाज में उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों को यह साबित करना चाहिए कि ‘जिंदा लोग भी समंदर की तरह खामोश रहना जानते हैं’।
लैपटॉप मिले तो खिल उठे चेहरे
सीएम के हाथों लैपटॉप पाकर मेधावी बेहद खुश नजर आए। मंच पर यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई के पांच मेधावियों को लैपटॉप देकर सीएम ने उनका उत्साहवर्धन किया। यूपी बोर्ड की अपर्णा तोमर, उज्ज्वल, आरिफ, मुग्धा सेतिया ओर निवेदिता सिन्हा को सीएम ने लैपटॉप दिया। वर्ष 2014 के 473 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जाना है। इनमें से पांच को मंच पर दिया गया डीआईओएस राज सिंह यादव ने कहा कि अन्य सभी विद्यार्थियों को एमबी गर्ल्स इंटर कालेज में दिया जाएगा।
कई योजनाओं का किया सांकेतिक उद्घाटन
मंच पर पहुंचे सीएम ने कई योजनाओं का सांकेतिक उद्घाटन किया। योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर सर्र्टिफिकेट भी दिए। इस अवसर पर मुख्य मंत्री अखिलेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर मजदूरों को साइकिल देने की योजना का शुभारंभ किया।
पंजीकृत श्रमिकों को 1500 साइकिल, 31 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल,दो हजार महिलाओं को समाजवादी पेंशन, के साथ ही 473 लैपटॉप का वितरण हुआ। सांकेतिक उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा मंच से पांच छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, दो महिलाओं को समाजवादी पेंशन और एक महिला को पुत्री अनुदान राशि का चेक अपने हाथों से दिया।
सीएम बोले- अक्तूबर से प्रभावी हो जाएगा 100 डायल
कानून व्यवस्था पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अक्तूबर से सरकार 100 डायल को और अधिक प्रभावी बनाने जा रही है। नई व्यवस्था के बाद 100 डायल पर सूचना दिए जाने के 10 मिनट के अंदर ही पुलिस मौकेपर पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री से मिले मेयर, मांगे 130 करोड़
नगर निगम महापौर ने हज हाउस उद्घाटन कार्यक्रम से तो दूरी बनाए रखी, लेकिन हिंडन एयरबेस पर ही शहर की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचा दीं। हिंडन एयरबेस पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विशेष विमान से उतरे तो महापौर अशु वर्मा और नगर विकास मंत्री आजम खां ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद गेस्ट हाउस में ही सीएम के साथ दोनों नेताओं ने करीब 20 मिनट तक चर्चा की। महापौर ने उन्हें ज्ञापन देकर नगर निगम का बकाया 130 करोड़ रुपये का अवस्थापना फंड रिलीज कराने समेत आठ मांगों को रखा। मुख्यमंत्री का भी इन मांगों पर सकारात्मक रुख रहा।
सीएम प्रोग्राम टाइमलाइन
आला हजरत हज हाउस में पहुंचे - 11:37 पूर्वाह्न
पौध रोपण- 11:40 पूर्वाह्न
हज हाउस का निरीक्षण - 11:46 पूर्वाह्न
मंच पर आगमन - 12:05 दोपहर
मंच पर अभिनंदन - 12:10 दोपहर
जन सभा का संबोधन - 12:44 दोपहर
लैपटॉप वितरण - 1:11 दोपहर