साहिबाबाद। दीपावली पर्व पर घर जाने वाले लोगों की भीड़ शुक्रवार को कौशांबी बस अड्डे पर उमड़ पड़ी। अतिरिक्त बस लगाने के बावजूद रोडवेज की व्यवस्था चर्मरा गई। बसों में सीटों के लिए मारामारी रही और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। एसी बसों की ऑनलाइन बुकिंग के कारण डिपो पहुंचे यात्रियों को सीट उपलब्ध न होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि पहले दिन 60 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया।
बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और दोपहर होते-होते पूर्वांचल व आसपास के जिलों के यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। बरेली, मुरादाबाद समेत दूरदराज के जनपद को जाने वाले यात्री भी बसों का इंतजार करते रहे। कई यात्रियों ने पहले से ऑनलाइन टिकट बुक करा रखे थे, लेकिन बसों में सीटें भर जाने के कारण वे निर्धारित समय पर यात्रा नहीं कर पाए। उनका कहना है कि त्योहार के चलते बसों में पहले से ही सीटें बुक थीं, लेकिन डिपो पहुंचने पर भी उन्हें इंतजार करना पड़ा।
भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसें भी लगाई गईं, लेकिन पूर्वांचल और आसपास के जिलों में जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्था चर्मरा गई। गोरखपुर जाने वाली एसी बस भर गई और दूसरी बस की व्यवस्था की गई तो लोगों को सीट मिल सकी। वहीं, परिवार और सामान के साथ पहुंचे लोगों को बस मिलने तक काफी परेशानी उठानी पड़ी। रात तक भी बस अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही और बसों के लिए इंतजार का सिलसिला जारी रहा। बरेली के लिए दोपहर 2:30 और तीन बजे की एसी बसों में सीटें फुल होने के कारण बस अड्डे पर पहुंचे गौतम सिंह को घंटों अगली बस के लिए इंतजार करना पड़ा।