चुनावी वर्ष शुरू हो चुका है, कोई जनता में अपनी पहचान बनाने में जुटा हुआ है तो कोई अपने विकास कार्यों को गिनवाने में। आम जनता नेता जी के पुराने वादों को भी जानना चाहती है। आखिर पिछले चार साल के दौरान उनके विधायक ने क्षेत्र में कितना विकास कार्य कराया। किन वादों पर वह खरा उतरे और उनके कौन से वादे अधूरे रह गए?
लोनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जाकिर अली द्वारा पिछले चार वर्षों में 5.90 करोड़ रुपये अपने क्षेत्र के विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। कार्यकाल के अंतिम वर्ष का काम अभी होना है। इसके लिए 75 लाख का बजट आ चुका है।
जिला प्रशासन ने नए बजट की मौखिक जानकारी विधायक को दे दी है। इसी सप्ताह लिखित में सूचित कर नए प्रस्ताव मंगाए जाएंगे। विधायक निधि के तहत हर साल डेढ़ करोड़ का बजट शासन से दिया जाता है।
विधायक जाकिर अली ने पिछले चार वर्षों में अपनी विधायक निधि से सड़क, नाली, बिजली और गंभीर बीमारी की चिकित्सा के लिए खर्च किया गया है। इसकेसाथ ही उन्होंने कब्रिस्तान और शमशान घाट की चहारदीवारी और टीन शेड लगवाने में भी बजट खर्च किया है।
जाकिर अली ने भी सीसी रोड पर अपने बजट का 80 प्रतिशत से अधिक रुपया खर्च किया है। उन्होंने गंभीर बीमारी से पीड़ित छह लोगों की मदद अपनी निधि से की और करीब साढ़े चार लाख रुपये उन्होंने लोगों के इलाज पर खर्च किए। वर्ष 2015-16 के बचे दस लाख रुपये में से हाल ही में इन्होंने एक अन्य पीड़ित व्यक्ति को 84 हजार रुपये की रकम दी है।
वर्ष दर वर्ष विकास कार्यों का लेखा-जोखा
वर्ष कुल बजट कुल खर्च निर्माण कार्य
2012-2013 1.50 1.32 नाली, इंटरलॉकिंग, कब्रिस्तान,
शमशान घाट का मेंटेनेंस
2013-2014 1.68 1.51 सीसीरोड, इंटरलॉकिंग, नाली, बिजली
2014-2015 1.67 1.60 इंटरलॉकिंग टाइल्स
2015-2016 1.57 1.47 बिजली,नाली और चिकित्सा
वर्ष 2015-2016 के अभी 10 लाख रुपये शेष बचे हुए हैं, इसमें से एक व्यक्ति को इलाज के लिए 84 हजार रुपये दिए हैं। वर्ष 2017 का 75 लाख का बजट आ चुका है। इसके लिए जिला प्रशासन ने विधायक से प्रस्ताव मंगाया है।