गाजियाबाद के लोनी में तांत्रिक की दाढ़ी काटने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को फिर से नोटिस भेजा है। पहला नोटिस 21 जून को भेजा गया था। उसका जवाब न देने पर दूसरा नोटिस दो जुलाई को भेजा है।
इस मामले में पहली बार कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद और एक मीडिया संस्थान के मालिक को भी नोटिस भेजा है। गाजियाबाद की लोनी पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 41ए के तहत फिर से नोटिस जारी किया है। इसमें आरोपियों को एक हफ्ते के अंदर हाजिर होकर जवाब देने के लिए कहा गया है।
पुलिस ने सलमान निजामी, मशकूर उस्मानी डॉ. शमा मोहम्मद, धर्मेंद्र चतुर ट्विटर आइएनसी रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर फॉर इंडिया, ट्विटर कम्युनिकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड व 'द वायर' के मालिक सिद्धार्थ वर्धराजन को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है।
बुजुर्ग तांत्रिक अब्दुल समद की दाढ़ी काटने की घटना में भड़काऊ वीडियो ट्रेंड होने को लेकर पुलिस ने ट्विटर इंडिया के एमडी मनीष माहेश्वरी को 17 जून को नोटिस भेजा था। जिसमें कहा गया है कि उन्हें सात दिन के अंदर लोनी बॉर्डर थाने में अपना बयान दर्ज कराना होगा। लेकिन वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। इसके अलावा कर्नाटक उच्च न्यायालय ने गाजियाबाद पुलिस को माहेश्वरी के खिलाफ कठोर कार्रवाई शुरू करने पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में कहा था कि पुलिस डिजिटल तरीके से माहेश्वरी से पूछताछ कर सकती है।