भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। बुधवार को भी लोकल फाल्ट और ओवरलोडिंग से कालोनियों में कई घंटे बिजली गुल रही। महाराजपुर 220केवी सबस्टेशन से वैशाली 132केवी सबस्टेशन को आने वाली लाइन में फॉल्ट आने से इंदिरापुरम और वैशाली के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
लोगों को करीब डेढ़ घंटे बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। कान्हा उपवन में फाल्ट से लाजपत नगर की बिजली करीब दो घंटे गुल रही। महाराजपुर 220केवी सबस्टेशन से वैशाली 132केवी सबस्टेशन को आने वाली लाइन में सुबह करीब साढ़े दस बजे फॉल्ट आ गया।
इसकी वजह से इंदिरापुरम के नीति खंड, अभय खंड, ज्ञान खंड, शक्ति खंड, अहिंसा खंड, न्याय खंड और वैशाली सेक्टर-3, 2, 1 आदि की बिजली गुल हो गई। फाल्ट को ठीक होने में करीब डेढ़ घंटा लग गया। करीब 12 बजे फाल्ट ठीक हुआ। इसके बाद सप्लाई सामान्य हुई।
उधर, सुबह करीब 11 बजे कान्हा उपवन में फॉल्ट आ गया। इसकी वजह से लाजपत नगर की बिजली गुल हो गई। फॉल्ट को ठीक होने में करीब दो घंटे लग गए। दोपहर करीब एक बजे फॉल्ट ठीक हुआ। इसके बाद बिजली सप्लाई सुचारु हुई।
दोपहर करीब एक बजे अर्थला सबस्टेशन पर फॉल्ट आ गया। इसकी वजह से अर्थला, मोहन नगर, राजीव कालानी, आनंद औद्योगिक क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। करीब दो घंटे बाद सप्लाई सुचारु हुई।
इसके अलावा वसुंधरा सेक्टर-दस सबस्टेशन में फॉल्ट आ जाने से सेक्टर दस की बिजली गुल हो गई। दोपहर करीब चार बजे फाल्ट ठीक हुआ। अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा ने बताया कि लोकल फाल्ट से बिजली की समस्या रही।