गाजियाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जिले में निर्धारित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सूची को सार्वजनिक करते हुए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालयों से परीक्षा केंद्रों का सत्यापन करने की अपील की है। केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विद्यालयों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है।
सूची में छात्र आवंटन सहित केंद्रों का विवरण शामिल है। संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां आवंटित विद्यार्थियों की संख्या और परीक्षा केंद्रों की भौगोलिक स्थिति का भली-भांति अवलोकन कर लें।
यदि किसी विद्यार्थी, अभिभावक, प्रधानाचार्य या विद्यालय प्रबंधक को परीक्षा केंद्र के आवंटन अथवा अन्य किसी बिंदु पर आपत्ति है तो वह 28 अक्तूबर 2026 तक अपना प्रत्यावेदन ऑनलाइन माध्यम से माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर साक्ष्यों सहित प्रस्तुत कर सकता है।
आपत्ति की एक हार्ड कॉपी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भी उपलब्ध करानी होगी।