साहिबाबाद। कौशांबी डिपो के अस्थायी रैन बसेरे समेत शहर के सभी रैन बसेरों के लिए नगर निगम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम ने शहर के सभी रैन बसेरों में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से बोर्ड लगाया है।
निगम के वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि सूचना बोर्ड में साफ तौर पर निर्देश अंकित किए गए हैं। रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रैन बसेरों में शराब पीना, धूम्रपान करना, गुटखा खाना और पान थूकना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके साथ ही रैन बसेरे की दीवारों पर गंदगी फैलाना और जुआ व ताश खेलना भी प्रतिबंधित किया गया है। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि आश्रय स्थलों में किसी भी प्रकार की शादी-विवाह, पार्टी या सभा का आयोजन नहीं किया जा सकता। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह का हथियार लेकर जाना भी मना है। किसी भी प्रकार की अश्लीलता या आपत्तिजनक गतिविधि मिलने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।