ऊंची है बिल्डिंग...लिफ्ट दोनों बंद हैं
अजनारा ग्रेस सोसायटी में डेढ़ माह से दो लिफ्ट बंद, बच्चे कैसे जाएंगे स्कूल
अब 10 मंजिला इमारत में सीढ़ियों से आने-जाने को मजबूर हैं रेजिडेंट्स
डीएम ने जीडीए को दिए बिल्डर पर कार्रवाई के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। बेहतरीन सुविधाओं का दावा कर बिल्डरों के बसाए राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा ग्रेस सोसायटी में डेढ़ माह से तीन में से दो लिफ्ट बंद हैं। अब तीसरी लिफ्ट भी खराब होने लगी है। बिल्डर और जीडीए से कई बार गुहार लगा चुके आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और रेजिडेंट्स ने अब डीएम से शिकायत की है। रेजिडेंट्स को चिंता है कि अब स्कूल खुल गए हैं तो बच्चे बिना लिफ्ट के 10 मंजिल से नीचे उतरकर स्कूल कैसे जाएंगे। डीएम ने जीडीए अधिकारियों को बिल्डर पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अजनारा ग्रेस सोसायटी में फिलहाल 150 से ज्यादा परिवार रह रहे हैं। बिल्डर ने सोसायटी में तीन लिफ्ट लगाकर दी हैं। इनमें दो रेजिडेंट्स के लिए और तीसरी सर्विस लिफ्ट सामान लाने-ले जाने के लिए है। सोसायटी के रेजिडेंट्स की मानें तो अभी तक लिफ्ट का मेंटेनेंस बिल्डर ने एक निजी कंपनी को दिया हुआ था, लेकिन काफी समय से उसका एनुअल मेंटेनेंस कांट्रेक्ट रिन्यूअल नहीं किया गया। कांट्रेक्ट रिन्यूअल न होने से कंपनी ने लिफ्ट की मेंटेनेंस बंद कर दी है। करीब डेढ़ माह पूर्व कंपनी ने सर्विस और एक अन्य लिफ्ट को डैमेज घोषित कर उनके संचालन पर रोक लगा दी है। इसके लिए लिफ्ट के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। बावजूद इसके बिल्डर इनका मेंटेनेंस नहीं करा रहा है।
--
तीसरी लिफ्ट से हादसे का डर
तीन लिफ्ट का लोड अब एक लिफ्ट पर आ गया है। इसकी वजह से इसका प्रयोग बढ़ गया है, बावजूद इसके इस लिफ्ट का भी मेंटेनेंस नहीं कराया जा रहा है। रेजिडेंट्स का कहना है कि तीसरी लिफ्ट कभी भी हादसाग्रस्त हो सकती है। रेजिडेंट्स की संख्या की अपेक्षा लिफ्ट की संख्या बेहद कम हो गई है।
नहीं ले जा पा रहे सामान
सोसायटी में नए रेजिडेंट्स के आने पर उनका सामान लिफ्ट से ऊपर फ्लैट में भेजा जाता था। यह सर्विस लिफ्ट से भेजा जाता था। लेकिन लिफ्ट खराब होने की वजह से अब न तो यहां कोई नया रेजिडेंट्स आ रहे हैं और न ही यहां रह रहे लोग भारी सामान का लाना-ले जाना कर पा रहे हैं।
डीएम के आदेश पर भी कार्रवाई नहीं कर रहे जीडीए अफसर
रेजिडेंट्स की शिकायत पर डीएम रितु माहेश्वरी तीन बार जीडीए अफसरों को बिल्डर पर कार्रवाई के निर्देश दे चुकी हैं, लेकिन जीडीए कार्रवाई नहीं कर रहा है। तीसरी बार अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन ने शिकायत दी तो डीएम ने सख्ती की। डीएम ने लिख है कि बार-बार कहने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है।
--
परिचर्चा
लिफ्ट खराब होने की वजह से बच्चों को खेलने के लिए भी नीचे नहीं भेज पाते। एक लिफ्ट चल रही हैं, लेकिन उसका भी कोई भरोसा नहीं। लिफ्ट में भेजते डर लगता है। - ममता सिंह, रेजिडेंट्स
---
बिल्डर की ओर से लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं कराया जा रहा है। दो लिफ्ट इसी वजह से खराब हो चुकी है। अब तीसरी लिफ्ट भी मेंटेनेंस न होने वजह से खराब होने की कगार पर है। - अभिषेक कुमार, रेजिडेंट्स
---
अब बच्चों के स्कूल खुल चुके हैं। सुबह बच्चों को नीचे स्कूल बस तक छोड़ना, वापस लाना मुश्किल हो रहा है। छोटे-छोटे बच्चे सीढ़ियों से चढ़कर 10 मंजिल तक जाते हैं। - रिषीवेंद्र चौधरी, रेजिडेंट्स
---
कई बार जीडीए अधिकारियों से मिल चुके हैं। तीन बार डीएम को शिकायत पत्र दे चुके हैं। डीएम भी जीडीए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दे चुकी हैं, लेकिन अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। बिल्डर से मिलीभगत की वजह से कार्रवाई नहीं हो रही। जल्द ही जीडीए की ओर से कार्रवाई न हुई तो रेजिडेंट्स धरना देंगे। - विकास तोमर, अध्यक्ष, अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन, अजनारा ग्रेस