लोनी। अंकुर विहार थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को अल्वी नगर कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है। एक आरोपी भागा हुआ है। पुलिस ने आरोपियाें की निशानदेही पर चोरी के 18 वाहन बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों ने यू-ट्यूब पर वाहन चोरी करने का तरीका सीखा था। आरोपियों ने दिल्ली-एनसीआर में 30 से अधिक वाहन चोरी किए हैं।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस अल्वी नगर कॉलोनी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध आए। उनको रोकर कागजात दिखाने के लिए कहा तो वे कोई साक्ष्य नहीं दिखा सके। बाइक की जांच की तो पाया कि उसे एक माह पूर्व डीएलएफ छठ घाट अंकुर एनक्लेव से चोरी किया गया था।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाम अमजद निवासी प्रेम नगर थाना लोनी और बिलाल निवासी नसबंदी कॉलोनी लोनी बताए। भागे हुए आरोपी का नाम माजिद निवासी प्रेम नगर थाना लोनी बताया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों ने दिल्ली-एनसीआर से 30 से ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी किए हैं। उनकी निशानदेही पर डीएलएफ सी ब्लाक स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 11 बाइक और पांच स्कूटी व एक मोपेड बरामद की गई है। आरोपियों ने बताया कि यू-ट्यूब से वाहनों का लॉक तोड़ने और अन्य कई तरकीबें सीखी थीं। उसके बाद ही वाहन चोरी करना शुरू किया था।