इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर 14 निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता के बंद फ्लैट का ताला तोड़ कर चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला। चोर कीमती सामान से लेकर दरवाजे में लगे हैंडल और पानी की टोंटी तक उखाड़ ले गए। पीड़ित का फ्लैट छह जनवरी से बंद था। 15 जनवरी को घर लौटने पर चोरी का पता चला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रदीप कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ छह जनवरी को बरेली गए थे। 15 जनवरी को वह परिवार को छोड़ कर अकेले घर वापस लौटे थे। यहां आकर देखा तो घर का सारा सामान गायब था। ताला टूटा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि घर में लगी 24 इंच की एलईडी टीवी, इन्वर्टर, कूलर का एक्जॉस्ट फैन, रसोई के नए बर्तन, कपड़े, चादर, कंबल, फ्रिज का कंप्रेशर, गीजर, दरवाजों के हैंडल, पानी की टोटियां व अन्य कीमती सामान चोर निकालकर ले जा चुके थे। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी के आने पर यह भी पता चलेगा कि गहने और नकदी कितना चोरी हुआ है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।