मेरठ-दिल्ली मार्ग पर रविवार को डाक कांवड़िये उमड़ पड़े। दिनभर पड़ोसी राज्यों के डाक कांवड़िये यहां से गुजरे। शाम से शहर के डाक कांवड़ियों का आना शुरू हो गया। दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचने वाले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई।
चाक चौबंद सुरक्षा के बीच सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह साढ़े चार बजे से ही जलाभिषेक शुरू हो गया। सोमवार दोपहर बाद शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। रविवार को शहरवासियों ने कांवड़ यात्रा को धार्मिक उत्सव के रूप में मनाया।
जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों लोग प्रसाद-भोजन ग्रहण करते दिखे। भोले के जयकारों और धार्मिक नृत्य-संगीत के बीच शहर का माहौल भक्तिमय रहा। मंदिर में हाजिरी का जल रविवार सुबह 6 बजे से ही चढ़ना शुरू हो गया था।
सर्वप्रथम महंत नारायण गिरी एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग ने दूधेश्वर विद्यापीठ की छात्राओं और आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हाजिरी का जल चढ़ाकर शिव का जलाभिषेक किया। दिन भर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही।
मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने केलिए नगर आयुक्त से लेकर डीएम, एडीएम सभी बारी-बारी से मंदिर पहुंचते रहे। मीडिया प्रभारी संावलाराम सुथार ने बताया कि इस बार शिवरात्रि पर करीब छह लाख श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किए जाने की संभावना है।
सोमवार के दिन ही शिवरात्रि होने से इस बार मंदिर में जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों के साथ ही आम लोगों की भी भारी भीड़ रहेगी। ऐसे में पुलिस, प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है।
चतुर्दशी का जल सुबह 4:41 बजे से आरंभ होगा। जलाभिषेक के बाद सोमवार शाम आरती में भव्य दर्शन के बाद 156 प्रकार के व्यंजनों से भगवान को भोग लगाया जाएगा। रविवार को मंदिर की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त अब्दुल समद, एडीएम फाइनेंस ज्ञानेंद्र सिंह आदि पहुंचे।
ड्रोन व सीसीटीवी से मंदिर की निगरानी
मंदिर की सुरक्षा में पुलिस प्रशासन के अलावा सिविल डिफेंस के 250 और मंदिर समिति के 500 स्वयंसेवक मंदिर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। मंदिर परिसर में हर गतिविधि पर निगरानी बनाए रखने के लिए 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन से मंदिर परिसर के चारों ओर निगरानी की जाएगी।
डीएम समेत कई अधिकारियों ने किया जलाभिषेक
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिलाधिकारी निधि केसरवानी रविवार शाम दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंची। निरीक्षण केबाद उन्होंने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ ही एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह, नितिन मदान आदि प्रशासनिक अधिकारियों ने जलाभिषेक किया।
नगर आयुक्त ने दूधेश्वनाथ मंदिर में किया निरीक्षण
शिवरात्रि से पहले रविवार को नगर आयुक्त अब्दुल समद और कैला भट्ठा के पार्षद जाकिर सैफी ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में निरीक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के महंत नारायण गिरी से मुलाकात की।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को रविवार रात से ही गंगाजल के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रकाश विभाग को मंदिर और आसपास की लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके लिए निगम की ओर से मंदिर में जनरेटर भी लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंदिर और इसके आसपास अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यह कर्मचारी राउंड द क्लॉक सफाई करेंगे।
जलाभिषेक को मंदिरों पर पहुंचे शिव भक्त
हरिद्वार, गोमुख से जल लेकर शिव भक्त मंदिरों में पहुंच गए हैं। आज सुबह आठ बजे से बोल बम के जयकारों के साथ शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। मंदिरों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
लोनी तिराहे पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर की कमेटी के अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने बताया कि गंगाजल लेकर कांवड़िया मंदिर पर आ गए हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर में हजारों कांवड़िए शिव का जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मंदिर में कांवड़ियों के रुकने की व्यवस्था की गई है। कमेटी के अन्य पदाधिकारी रतन सिंह भाटी, मान सिंह, अरविंद गोयल, महावीर अग्रवाल, सुरेश गर्ग, सतवीर सभासद, मुरारी लाल लौहरा आदि कांवड़ियों की सेवा में लगे हैं।
दूसरी ओर लोनी बार्डर पर नगर पालिका परिषद द्वारा लगाए गए कांवड़ शिविर में सभासदों ने ईओ डीके राय का स्वागत किया। इस दौरान चेयरमैन मनोज धामा, सभासद सत्ते पंडित, बब्लू शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, उदयपाल प्रधान, बब्बल प्रधान, कुसुम लता आदि मौजूद रहे।
डाक कांवड़ियों के नाम रहा रविवार
हाईवे पर रविवार का दिन डाक कांवड़ियों के नाम रहा। तड़के से शुरू हुआ डाक कांवड़ आने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। प्रशासन ने डाक कांवड़ियों के लिए एक तरफ का मार्ग निर्धारित किया था। मगर कांवड़िये एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दोनों तरफ दौड़ रहे थे। यह सिलसिला रात दस बजे तक चलता रहा।
इस बार झांकियां अधिक गुजरीं
इस वर्ष गत वर्ष से कहीं अधिक बड़ी और आकर्षक झांकियां नगर से गुजरीं। इनका नगरवासियों ने हाईवे पर खड़े होकर देर रात तक जमकर आनंद उठाया। एसडीएम अतुल कुमार ने नगर के विभिन्न मंदिरों का निरीक्षण कर पुलिस को सुरक्षा को लेकर हिदायत दी।
हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों में बिना टिकट यात्रियों की रही मौज
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार की ओर जाने वाली ट्रेनों में लोगों ने धड़ल्ले से बिना टिकट यात्रा की। हालांकि इन दिनों रेलवे के टिकटों की बिक्री में करीब 65 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, मगर फिर भी बड़ी संख्या में लोगों ने बिना टिकट यात्रा की ।
मुस्लिम समुदाय ने कांवड़ियों के लिए लगाया भंडारा
मुरादनगर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांवड़ सेवा शिविर लगाकर भंडारे का आयोजन किया। सेवा में भूरे चौधरी, सपा नेता फारूख चौधरी, युनूस पहलवान का कहना था कि कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाकर उन्होंने हिन्दू-मुस्लिम एकता की मजबूती का संदेश दिया है।
एसडीएम प्रशासन जयशंकर मिश्रा, एसपी देहात राकेश पांडे, सीओ सदर पवन कुमार भी भंडारे में शामिल हुए। नौशाद, इकबाल, अमित त्यागी, राजा त्यागी, इसरार, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
निकला सांप तो कांवड़िये करने लगे पूजा
मोदीनगर। रविवार शाम राज चौराहे पर प्रशासन के कैंप के पास एक सांप निकल आया। सांप को देखकर वहां अफरा तफरी मच गई। कुछ कांवड़िये सांप को भगवान भोले शंकर का दर्शन बता उसकी पूजा करने लगे। बाद में पुलिस ने किसी व्यक्ति से सांप को पकड़वाकर पास के तालाब में छोड़ दिया।
हेल्थ कैंपों का एडीएम सिटी ने किया निरीक्षण
रविवार शाम दूधेश्वरनाथ मंदिर की व्यवस्था का जायजा लेने के बाद एडीएम सिटी ने कांवड़ियों के लिए लगे हेल्थ कैंप का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जस्सीपुरा मोड़ पर सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम के पास चल रहे मेडिकल कैंप और सेवा के लिए खड़ी एंबुलेंस नियम विरुद्ध पाए गए।
एडीएम सिटी ने एंबुलेंस को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। एंबुलेंस में मौके पर कोई भी फार्मासिस्ट न मिलने से एडीएम सिटी ने शिविर संचालकों को फटकार लगाई। हेल्थ कैंप में कोई रजिस्टर मेंटेन न करने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
संयुक्त व्यापार मंडल ने लगाया शिविर
संयुक्त व्यापार मंडल द्वारा कांवड़ियों की सेवा के लिए एमएमजी के सामने कैंप लगाया गया। शिविर में कांवड़ियों को दूध व खीर का वितरण किया गया। कैंप में मुख्य रूप से राकेश शर्मा, संजय गोयल, अशोक भारतीय, प्रवीन बत्रा, आकाश गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विशाल नेगी आदि मौजूद रहे।
महंत नारायण गिरी को किया सम्मानित
सराफ एसोसिएशन गाजियाबाद की ओर से रविवार को दूधश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राजकिशोर गुप्ता, नितिन गोयल, गौरव गर्ग, अनिल गर्ग आदि मौजूद रहे।
मुस्लिम भाइयों ने किया कांवड़ियों का किया स्वागत
कांवड़ियों की सेवा में मुस्लिम भाई भी जुटे हुए हैं। मसूरी के नाहल झाल पर लगे शिविर में रविवार को जिला पंचायत सदस्य जुल्फिकार अली ने प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर रणवीर, राम शरण, रविंद्र प्रजापति, मुनव्वर राणा, तसव्वर, उम्मेद अली आदि मौजूद रहे।
वेब सिटी में लगा रक्तदान शिविर
वेब सिटी में पौंटी चड्डा फाउंडेशन की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 18 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर चेयरमैन मोंटी चड्ढा, राहुल, दीपक, अजय, साहिल, जगजीत सिंह, पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे।