दिल्ली के सभी बॉर्डरों पर धरने पर बैठे किसानों ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकाली। पुलिस ने लाल किला जा रहे किसानों को रोकने के लिए कई जगह आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की मौत हो गई। इस हिंसा में 500 से ज्यादा किसानों पर करीब 48 मुकदमे दर्ज हुए। इस घटना में डेढ़ दर्जन से ज्यादा किसानों को जेल जाना पड़ा।
28 अगस्त 2021, करनाल, हरियाणा
हरियाणा के करनाल में टोल प्लाजा के नजदीक भी तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विरोध कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें एक किसान की मौत हो गई। इसे लेकर चार दिन तक हजारों किसानों ने करनाल में लघु सचिवालय का घेराव किए रखा था।
3 अक्तूबर 2021, लखीमपुर खीरी, यूपी
26 सितंबर को लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा ने एक जनसभा में विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम आपको सुधार देंगे, दो मिनट लगेंगे। इसके बाद किसानों ने मंत्री का विरोध शुरू कर दिया। 3 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा और प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या को एक कार्यक्रम में पहुंचना था। किसानों ने उनके हेलीपेड पर कब्जा कर लिया। इसके बाद जब किसान लौट रहे थे तो कुछ गाड़ियों ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें कई किसानों की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी।