कनावनी पुलिया के पास एलीवेटेड रोड के चलते 132 केवीए की एचटी लाइन पर छह टावरों को ऊंचा करने का काम बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। इसके चलते लाइनपार क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक कालोनियों के लोगों को बिजली कटौती से जूझना पड़ा। विभिन्न कालोनियों में छह से सात घंटे की कटौती रही।
टावरों को ऊंचा करने का काम 20 अक्तूबर तक चलेगा। इसी के बाद ही लोगों को राहत मिल सकेगी। बिजली कटौती से प्रताप विहार, विजयनगर, बागू, चिपियाना, लालकुआं, कांशीराम योजना, सिद्धार्थ विहार सहित कई कालोनियों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही।
एलीवेटेड रोड के बीच में आ रही एचटी लाइन के बिजली टावरों को ऊंचा करने का काम तेज गति से चल रहा है। वसुंधरा व हिंडन नहर के किनारे छह बिजली के टावर को ऊंचा किया जा रहा है।
हर टावर की ऊंचाई करीब 40 मीटर बढ़ाई जाएगी, जोकि एलीवेटेड रोड से करीब 25 मीटर ऊंचे होंगे। विद्युत निगम ट्रांसमिशन के अवर अभियंता कमलेश कुमार ने बताया कि सभी नए टावर लगाए जा रहे हैं, जिसकी वजह से लाइन को अलग नहीं करना पड़ रहा है। इसके साथ ही लाल कुंआ व मुरादनगर से बिजली मिलने की वजह इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगी।
विद्युत व्यथा निवारण फोरम की बैठक में सुनीं समस्याएं
कविनगर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर बृहस्पतिवार को विद्युत व्यथा निवारण फोरम की बैठक हुई। इसमें आए करीब 13 मामलों में से सात की सुनवाई हुई।