काली कमाई के कुबेर के नाम से कुख्यात हो चुके नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के चीफ इंजीनियर यादव सिंह और उनके सहयोगी रामेंद्र सिंह को शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई विशेष कोर्ट में पेश किया गया।
मामले की सुनवाई के लिए विशेष न्यायाधीश जी. श्रीदेवी ने अब 29 मार्च की तारीख नियत की है। उधर इस मामले के जांच अधिकारी के न आने और चार्जशीट के सभी दस्तावेज सूचीबद्ध न होने के चलते शनिवार को भी चार्जशीट पर संज्ञान नहीं हो सका।
नोएडा में हुए सैकड़ों करोड़ के घोटाले के आरोपी में सीबीआई ने रामेंद्र सिंह को 18 दिसंबर 2015 को गिरफ्तार किया था। इसी साल फरवरी में यादव सिंह को भी सीबीआई ने धर दबोचा। तभी से दोनों आरोपी डासना जेल में बंद हैं। 15 मार्च को सीबीआई ने इस मामले में चार्जशीट सीबीआई विशेष कोर्ट में पेश कर दी थी।
शनिवार को इस चार्जशीट पर कोर्ट को संज्ञान लेना था, मगर दस्तावेजों के सूचीबद्ध न होने और जांच अधिकारी के कोर्ट में उपस्थित न होने के चलते चार्जशीट पर संज्ञान के लिए कोर्ट ने अब 29 मार्च की तारीख नियत की है।