टीएचए और लोनी में बिजली की ओवरलोडिंग जल्द ही खत्म हो जाएगी। पावर कारपोेरेशन न्यू करहेड़ा में निर्माणाधीन 220 केवी सब स्टेशन का काम पूरा कर जल्द ही चालू करने की तैयारी कर रहा है। अगस्त महीने में यह सब स्टेशन शुरू हो जाएगा।
इस सब-स्टेशन से मोहन नगर और कान्हा उपवन सब स्टेशन को जोड़ा जाएगा। इससे महाराजपुर और लोनी स्थित 220 केवी सब स्टेशन की ओवरलोडिंग खत्म हो जाएगी। दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में बड़ा सुधार हो जाएगा।
न्यू करहेड़ा में 220 केवी सब स्टेशन में सिविल वर्क अंतिम चरण में है। इसके बाद ट्रांसफार्मर लगाने और लाइनों को जोड़ने का काम किया जाएगा। कारपोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक इस सब स्टेशन से कान्हा उपवन और मोहन नगर में बने 132 केवी सबस्टेशन को जोड़ा जाएगा।
इन्हें जोड़ने के लिए लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा ने बताया कि फिलहाल मोहन नगर को महाराजपुर 220 केवी से और कान्हा उपवन को लोनी 220 केवी सब स्टेशन से बिजली मिल रही है।
इन दोनों को करहेड़ा में निर्माणाधीन सब स्टेशन से जोड़ा जाएगा तो लोनी और महाराजपुर सब स्टेेशनों का लोड कम हो जाएगा। जिसका फायदा लोनी के साथ ही वसुंधरा, वैशाली और इंदिरापुरम को मिलेगा। ओवरलोडिंग न होेने की वजह से शटडाउन भी नहीं लेना पड़ेगा।
मेट्रो को भी नए सब स्टेशन से मिलेगी बिजली
करहेड़ा के नए 220 केेवी ट्रांसमिशन सबस्टेशन से ही मेट्रो को भी बिजली दी जाएगी। दिलशाद गार्डन टू नया बस अड्डा मेट्रो रूट के स्टेशनों को भी यहीं से बिजली दी जाएगी। यही वजह है कि पावर कारपोरेशन इस सब-स्टेशन को जल्द से जल्द चालू करने की तैयारी कर रहा है। करहेड़ा के इस सब-स्टेशन में अटौर नंगला में निर्माणाधीन 400 केवी सब-स्टेशन से सप्लाई दी जाएगी।