कोहरे के चलते आए फॉल्ट की वजह से महानगर की विभिन्न कालोनियों में बिजली आपूर्ति ठप रही। मोरटा सब-स्टेशन पर ट्रांसमिशन की लाइन में फॉल्ट आने के चलते बुधवार को सात से आठ घंटे बिजली गुल रही। मोरटा सब-स्टेशन से जुड़ी कालोनियां इससे सबसे ज्यादा प्रभावित रहीं।
ट्रांसमिशन लाइन में फॉल्ट के चलते संजय नगर, कमला नेहरू नगर, गोविंदपुरम में सुबह 10 बजे गई लाइट शाम को पांच बजे आई। इसके बाद भी लाइन में ट्रिपिंग की वजह से बिजली का आना और जाना जारी रहा। नेहरू नगर, अशोक नगर, मालीवाड़ा, आरडीसी, रमतेराम रोड, गांधीनगर में दिन भर ट्रिपिंग की दिक्कत रही।
शास्त्रीनगर, चिरंजीव विहार, अवंतिका सहित लाइनपार की कालोनी विजयनगर, प्रतापविहार में भी फॉल्ट के चलते लोगों को कटौती झेलनी पड़ी।नंदग्राम और पटेलनगर सब-स्टेशन से जुड़ी कालोनियों में भी बिजली की आंख-मिचौली जारी रही।
पावर कारपोरेशन के एसई एसबी यादव ने बताया कि मोरटा 132 केवीए सब-स्टेशन से ट्रांसमिशन की लाइन में फॉल्ट के चलते महानगर की विभिन्न कालोनियों में सप्लाई बाधित रही। संजय नगर, गोविंदपुरम और कमला नेहरूनगर में सप्लाई शाम सात बजे सुचारू हो गई है।