शुक्रवार को रिलीज हुई करण जौहर निर्देशित फिल्म ‘ये दिल है मुश्किल’ का विरोध शुरू हो गया है। युवा एकता समिति के कार्यकर्ताओं ने मूवी वर्ल्ड के पास पाकिस्तान और करण जौहर का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान विरोधी नारे भी लगाए।
युवा एकता समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि करण जौहर ने पाकिस्तानी कलाकारों को अपनी फिल्म में काम दिया, जिसका पूरे देश में विरोध हो रहा है। समिति के प्रदेश महामंत्री नितिन त्यागी ने कहा कि हम पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हमारे लिए अपना देश सबसे पहले है।
यदि वे ऐसा करेंगे तो देश में उनकी फिल्म का हमेशा विरोध होगा। पुतला दहन के मौके पर महानगर अध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश मंत्री अजय शर्मा, जिला अध्यक्ष विशाल त्यागी, आशु शर्मा, हरिकेश राय, प्रियंका पांडे आदि मौजूद रहे।
उधर, जय शिवसेना के कार्यकर्ताआें ने राजनगर स्थित गौड़ मॉल के बाहर फिल्म का विरोध किया। जय शिव सेना के अध्यक्ष अमित आर्यन ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने फिल्म देखने आ रहे लोगों से अपील की कि वह भारतीय होने के नाते फिल्म ‘ये दिल है मुश्किल’ की जगह शिवाय देखें।
इस अवसर पर ललित चौधरी, रविंद्र, गौरव, रवि, मोहित, योगेश, सनी, आदित्य आदि उपस्थित थे।