दूधेश्वरनाथ में पांच लाख कांवड़िये करेंगे जलाभिषेक
गाजियाबाद के अति प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर में इस सावन पांच लाख कांवड़िये भगवान भोले का जलाभिषेक करेंगे। महंत नारायण गिरि ने यह जानकारी नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को दी। बुधवार को मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रा महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचें नगर आयुक्त और निगम की टीम के साथ महंत नारायण गिरि ने बैठक की। नगर आयुक्त ने कैला भट्ठा, जस्सीपुरा मंदिर के आसपास क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। प्रतिदिन टैंकरों से जल, प्रकाश व्यवस्था को सुचारु किया जाएगा। 22 जुलाई से तीन अगस्त तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए निगम अधिकारी मुस्तैद रहेंगे। मंदिर को जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कार्य योजना बनाई गई।
उधर नगर आयुक्त और जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई सहित पेयजल की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने भीकनपुर पाइपलाइन रोड पर बने ठोस अपशिष्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की चहारदीवारी को तत्काल बनवाने का निर्देश दिया। कांवड़ शिविरों को प्लास्टिक फ्री रखा जाए और शिविरों से नियमित कूड़ा उठाया जाए।