एकेटीयू की सत्र 2016-17 की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं अगले माह छह दिसंबर से शुरू होंगी। सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर विवि की ओर से जारी किया गया परीक्षा शेड्यूल स्टूडेंट्स की परेशानी बढ़ा रहा है। विवि के शेड्यूल में आधे पेपरों में केवल एक-एक दिन तो बाकी पेपरों में कोई गैप नहीं है।
कई ब्रांचेज और सेमेस्टर के पेपर पहली बार 10 दिनों के भीतर खत्म हो जाएंगे। इंजीनियरिंग कालेजों की ओर से भी दबी जुबां में शेड्यूल पर सवाल उठाए जा रहे हैं। विवि की ओर से बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर के जारी किए गए कॉमन शेड्यूल में पहला इंजीनियरिंग मैथ का पेपर छह दिसंबर को होगा।
फिर एक दिन के गैप के बाद आठ दिसंबर को दूसरा इंजीनियरिंग केमिस्ट्री और बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स का पेपर है। फिर नौ दिसंबर के गैप के बाद 10 दिसंबर को प्रोफेशनल कम्युनिकेशन व कंप्यूटर सिस्टम एंड प्रोग्रामिंग का पेपर है।
इसके बाद 11 दिसंबर के गैप के बाद 12 दिसंबर को इंजीनियरिंग फिजिक्स, 13 दिसंबर के गैप के बाद 14 दिसंबर को एलीमेंट्स ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग व बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग का पेपर है।
ऐसे में विभिन्न सेमेस्टर और ब्रांचेज में एक-एक दिन व बगैर गैप के लिए विषम सेमेस्टर परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। विवि की ओर से समय से रिजल्ट घोषित करने को इसका हवाला दिया जा रहा है।