सही जवाब को शिक्षिका ने गलत कर नंबर काटे हुए थे। बीएसए के औचक निरीक्षण में शिक्षिका की यह खामी पकड़ी गई। अब उन्हें अपनी इस गलती पर जवाब देने को कहा गया है।
बीएसए लालजी यादव ने सोमवार को मुरादनगर कस्तूरबा गांधी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति कम देख कर वे नाराज हुए। इसके बाद जब उन्होंने अर्द्धवार्षिक परीक्षा की कापियां जांचनी शुरू की तो पाया कि विज्ञान के एक सवाल का जवाब जो छात्रा द्वारा सही लिखा गया था, शिक्षिका द्वारा उसके काट दिया गया था।
यही नहीं गणित की कापियां अब तक भी जांची नहीं जा सकी थी। इस दौरान बीएसए ने केजीवी की छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टर भी देखा। उपस्थिति रजिस्टर में भी शिक्षिकाओं की लापरवाही सामने आई।
क्लास में अनुपस्थित छात्राओं के कॉलम में एबसेंट मार्क करने की बजाय वहां डाट लगाकर छोड़ दिया गया था। बीएसए ने विद्यालय में पसरी गंदगी पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही वार्डन और शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर हर हाल में 3 दिसंबर तक जवाब मांगा है।
बीएसए लालजी यादव ने बताया कि विद्यालय की व्यवस्था बेहद लचर थी। छात्राओं की अनुपस्थिति और उपस्थिति पंजिका में गोलमाल के साथ ही विद्यालय के अंदर बाहर गंदगी का आलम था।
नकल विहीन बोर्ड परीक्षा कराने को प्रशासन ने कसी कमर
यूपी बोर्ड परीक्षा नकल विहीन कराने को प्रशासन ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को डीएम निधि केसरवानी ने डीआईओएस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में डीएम ने डीआईओएस को परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को बैठने, पीने के पानी की व्यवस्था, आवागमन के रास्तों की मरम्मत, विद्यालयों की बाउंड्रीवाल आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले विद्यालय में चारदीवारी और मुख्य प्रवेश द्वार पर गेट की व्यवस्था अवश्य होनी चाहिए। सभी केंद्र मुख्य मार्ग पर होने चाहिए ताकि केंद्र पर आकस्मिक जांच एवं नकल विहीन परीक्षाओं का सुगमता पूर्वक पर्यवेक्षण किया जा सके।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राज सिंह यादव ने डीएम को बताया कि वर्ष 2017 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं। इस बार दो नए परीक्षा केंद्र बनाए गये है।
नए परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कालेज कलछीना मोदीनगर व विकास पब्लिक इंटर कालेज लोनी है। डीआईओएस ने बताया कि पूर्व में निर्धारित परीक्षा केंद्रों के लिए आपत्तियां मंगाई गई थी, लेकिन आपत्ति न आने से सभी केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं।
सभी केंद्र व्यवस्थापकों से विद्यालय की सारी व्यवस्था दिसंबर तक दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बाद सभी केंद्रों का निरीक्षण कर सुविधा और व्यवस्थाओं की क्रास चेकिंग की जाएगी। बैठक में डीएम निधि केसरवानी ने स्पष्ट किया कि वे भी स्वयं केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेंगी।
आदेश हुआ बेअसर अभी तक एबीएसए ने नहीं ली क्लास
परिषदीय स्कूलों में क्वालिटी एजूकेशन को बढ़ावा देने के लिए पिछले दिनों बीएसए द्वारा किए गए आदेश बेअसर रहे। अब तक किसी भी एबीएसए ने स्कूलों में क्लास नहीं ली है।
बता दें कि पिछले दिनों बीएसए लालजी यादव ने एबीएसए की बैठक लेकर उन्हें प्रत्येक माह अपने सुविधानुसार दिनों में अलग-अलग स्कूलों में दो से पांच क्लास लेने को कहा था। अक्तूबर में ही बीएसए ने यह निर्देश एबीएसए को दिए थे लेकिन अब तक भी किसी एबीएसए द्वारा क्लास न तो लिया गया है और न ही इसकी रिपोर्ट बीएसए को सौंपी गई है।
बीएसए लालजी यादव का कहना है कि इस संबंध में दोबारा एबीएसए और बीआरसी को रिमाइंडर जारी किया जाएगा। अब तक स्कूलों में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा चल रही थी और उसके बाद त्योहारों की छुट्टियां पड़ने से शायद आदेश पर अमल नहीं हुआ है।
इसी माह दूसरी बैठक बुलाकर इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और बीआरसी को पूर्व निर्देश की याद दिलाई जाएगी और प्रति माह इसकी रिपोर्ट देने को भी कहा जाएगा।