मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए रामलीला ग्राउंड में आयोजित वोटर रॉक फेस्ट में रविवार को युवा जमकर झूमे। लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम के लिए प्रशासन की ओर से इसका आयोजन किया गया। शहर के चार अलग-अलग स्थानों से मतदाता जागरूकता झांकी और मोटरसाइकिल रैली निकाली गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम निधि केसरवानी और एसएसपी दीपक कुमार ने दीप प्रज्वलित करके किया। इसके बाद सहारनपुर स्पर्श राजकीय इंटर कालेज से आई आठवीं कक्षा की छात्रा संगीता (दृष्टिहीन) ने ’ए मेरे वतन के लोगों’ गीत गाकर किया।
इंडियन आइडियल की प्रतिभागी संचिता हाजरा ने रॉक बैंड के साथ युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। चुनाव ब्रांड एंबेसडर बने सुरेश रैना के भाई नरेश रैना ने गीत गाकर युवाओं से वोट डालने की अपील की। सीडीओ कृष्णा करुणेश ने छात्रों से कहा कि वे सभी चुनाव के ब्रांड एंबेसडर हैं।
विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे अब 11 फरवरी को अपने परिवार और आस पड़ोस के लोगों को बूथ तक पहुंचाएं। इस मौके पर डीआईओएस राज सिंह यादव, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महेश कंडवाल, डीपीआरओ वीरेंद्र यादव, सुधा रानी कटियार, केवी सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन पूनम शर्मा और प्रियंका शर्मा ने किया।
झांकियों में दिखा लोकतंत्र का उत्सव
अलग-अलग झांकियों में लोकतंत्र के उत्सव का रंग देखने को मिला। प्रत्येक झांकी में मतदान केंद्र पर लगे महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं की लाइन लगी हुई दिखी। बच्चों की पेंटिंग प्रदर्शनी में भी लोकतंत्र का उत्सव दिखा।
पहली झांकी यूपी गेट से निकाली गई, इसे जीडीए वीसी विजय यादव और जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील चंद जोशी ने हरी झंडी दिखाई। डाबर मोहन नगर, नया बस अड्डा, हापुड़ मोड़, पुराना बस अड्डा और आरडीसी से होते हुए रामलीला ग्राउंड पहुंची।
दूसरी झांकी बंथला लोनी फाटक से शुरू हुई, जो भोपुरा, हिंडर एयरफोर्स गेट, करहेड़ा हिंडन पुल, राजनगर एक्सटेंशन, मेरठ रोड से सिहानी चुंगी और आरडीसी होते हुए मैदान तक पहुंची।
तीसरी झांकी व रैली मोदीनगर तहसील से राज चौपला, मुरादनगर, राजनगर एक्सटेंशन होते हुए मैदान में पहुंची। चौथी झांकी सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज से इंद्रगढ़ी, हापुड़ चुंगी, इंग्राहम इंटर कॉलेज से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची।