डीएवी पीजी कॉलेज में लगे रोजगार मेले में चयनित युवा अतिथि, अधिकारी व शिक्षको के साथ। स्रोत
बुलंदशहर। जिला सेवा योजन कार्यालय की ओर से डीएवी पीजी कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने किया। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे 1506 अभ्यर्थियों में से 1012 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। इनमें से 320 चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
जिला सेवा योजन अधिकारी अपूर्वा दुबे ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं। वह संबंधित कंपनी में जाकर आगामी प्रक्रिया पूरी करेंगे। रोजगार मिलने से युवाओं के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। चयनित राजेश कुमार ने बताया कि वह काफी समय से रोजगार की तलाश कर रहे थे। अब नौकरी मिलने से उन्हें काम सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रीत कुमार और संजय कुमार ने बताया कि उनका चयन हो गया है और नियुक्ति पत्र भी मिल गए हैं। अब वह संबंधित कंपनियों में ज्वाइन करेंगे। वहीं, पंकज सिंह, सतीश और रामकुमार ने बताया कि उन्हें 15 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर नौकरी मिली है।