गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के कृष्णा कुंज में घर से 20 लाख के आभूषण व नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है। मकान मालिक ने पड़ोसी के यहां चिनाई का काम करने वाले मजदूरों पर चोरी करने का शक जताया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
उपासना तोमर ने बताया कि उनके पति पंजाब में नौकरी करते हैं। वह अपनी बेटी के साथ कृष्णाकुंज कॉलोनी में रहती हैं। दो दिन पहले उन्होंने देखा कि अलमारी में ढाई लाख रुपये व करीब साढ़े 17 लाख के आभूषण चोरी हो गए हैं। घर का सामान बिखरा हुआ नहीं मिला। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि किसी न किसी ऐसे जानकार ने इस घटना को अंजाम दिया, जो घर की पूरी स्थिति से वाकिफ था।
उन्होंने बताया कि दो नवंबर को उनके पड़ोस में कुछ लोग चिमनी लगाने के लिए आए थे। जिन लोगों ने चिनाई का काम किया, दीवार में सुराख होने की वजह से वह उनकी तरफ आए थे। छत पर भी गए थे। निश्चित ही उन्हीं लोगों ने उनके यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया। वह अब काम पर भी नहीं आ रहे हैं। जबकि पड़ोसियों का काम अधूरा पड़ा है। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जिन लोगों पर संदेह जताया गया है कि उनसे भी पूछताछ हाेगी।