साहिबाबाद। पसौंडा में बड़ी मस्जिद के पास चोरों ने वायुसेना से सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट के बंद घर की ग्रिल और संदूक काटकर 15 लाख के गहने और नकदी चुरा ली। दंपती घटना के दौरान वह अपने बेटे के पास बंगलूरू मिलने गए हुए थे। सात अगस्त को घर लौटने पर चोरी का पता चला। टीला मोड़ थाना पुलिस को चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद यासीन ने बताया कि वह फरवरी माह में बेटे की शादी करने के बाद उससे मिलने पत्नी के साथ बंगलूरू 25 मार्च को गए थे। करीब साढ़े चार महीने बेटे के पास रहने के बाद वह दोनों सात अगस्त को घर लौटे तो भूतल पर साफ-सफाई करके रात में आराम किया। सुबह जब दोनों पहले तल पर गए तो वहां लोहे की ग्रिल और ताला टूटा देखकर चोरी का शक हुआ। अंदर कमरों में दो संदूक खाली पड़े हुए थे और उनसे कुछ सामान बाहर बिखरा पड़ा था। उनका कहना है कि चोरों ने घर से सोने का ताज, गले का बड़ा और छोटा हार, कानों की झुमकी, अंगूठी और नाक की लांग के अलावा करीब एक किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
चोरों ने घटना के दौरान कमरों में आराम भी किया और जाने से पहले 70 हजार से अधिक की नकदी को भी साफ कर लिया। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। पुलिस जांच में आया कि घटना को किसी जानकार ने अंजाम दिया है। चोर ने कई दिनों से घर को बंद होने का पता करके कमरों में आराम से नकदी और गहने व अन्य सामान चोरी किए। उन्होंने पुलिस को चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
घर के आसपास स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई है। साथ ही अन्य तथ्य पता करके चोरों का सुराग ढूंढने में टीम लगी है। सीसीटीवी फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। जल्द ही चोरों का पता चलने पर उनकी पहचान के बाद गिरफ्तारी को दबिश दी जाएगी।
- सिद्धार्थ गौतम एसीपी