गाजियाबाद। शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से हिंडन की ओर जाने वाले फ्लाइओवर पर रविवार सुबह बाइक सवार युवकों ने एक सर्राफ पर ब्लेड कटर से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि दो बाइकों पर सवार संदिग्ध युवक राकेश मार्ग से ही उनकी कार का पीछा कर रहे थे। घटना के दौरान उनके भाई ने आरोपियों का वीडियो बना लिया।
कार्यवाहक एसीपी नगर कोतवाली शुचिता सिंह ने बताया कि न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी नीरज वर्मा वसुंधरा में शिवम ज्वैलर्स के नाम से ज्वैलरी का काम करते हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपने भाई रोहन के साथ घर से प्रतिष्ठान के लिए कार से निकले थे। आरोप है कि राकेश मार्ग से ही दो बाइकों पर सवार संदिग्ध युवक उनकी कार के आगे-पीछे चलने लगे। दोनों बाइकों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से हिंडन की ओर जाने वाले फ्लाइओवर पर चढ़ते समय एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी कार के पास आए। संदिग्ध गतिविधि देखकर रोहन ने मोबाइल फोन से उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनाते देख बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
नीरज ने जब कार के आगे-पीछे चलने का कारण पूछा तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक ब्लेड कटर से उनके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में चेहरे पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। इसी दौरान उनकी कार में पीछे से किसी वाहन ने टक्कर भी मार दी। वह किसी तरह तेजी से कार निकालकर हिंडन पुलिस चौकी के अंदर ले गए और खुद को सुरक्षित किया।
इसके बाद नगर कोतवाली में शिकायत दी। एसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक नवंबर को दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।