गाजियाबाद। फर्जीवाड़ा कर 45.84 करोड़ रुपये की आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ लेने वाले मैसर्स सनशाइन स्टील फर्म के मालिक शाकिब कुरैशी को केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर की टीम ने पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार सीजीएसटी आयुक्त संजय लावनिया, अपर आयुक्त साहिल सेठ, सहायक आयुक्त संजीव ऋषि के साथ टीम बुधवार को हिंडन विहार स्थित फर्म पर जांच के लिए पहुंची थी, जहां से यह पूरा खेल सामने आया।
शाकिब कुरैशी ने 255 करोड़ के फर्जी जीएसटी इनवाइस की मदद से विभाग को नुकसान पहुंचाया था। आयुक्त संजय लवानिया ने बताया कि फर्म मालिक को कर चोरी मामले में गिरफ्तार कर 2 दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेज गया है।
तैयार की बोगस फर्म: सीजीएसटी की टीम के एक अधिकारी ने बताया कि सूत्रों से जानकारी मिली थी कि फर्म का मालिक बिना किसी वस्तु या सेवा की आपूर्ति किए फर्जी फर्मों का संचालन कर रहा है। टीम ने मौके पर जाकर जांच की।
इस दौरान कई घंटे तक चली जांच में अधिकारियों ने पाया कि फर्म का मालिक शाकिब कुरैशी की ओर से 14 बोगस फर्मों का संचालन किया जा रहा है। इन फर्म की मदद से ही वह फर्जी इनवाइस तैयार करता था और बाद में उससे आईटीसी क्लेम कर विभाग को नुकसान पहुंचा रहा था।
जानकारी के अनुसार जब टीम जांच के लिए पहुंची तो फर्म मालिक की ओर से कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया लेकिन पुलिसबल की मौजूदगी नाकाम रहा। आयुक्त संजय लवानिया ने बताया कि फर्म मालिक को कर चोरी मामले में गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।