‘युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कुशल नेतृत्व में यूपी में सांप्रदायिक सौहार्द मजबूत हुआ है। जनता के लिए सीएम ने अनेकों ऐसे कार्यक्रम और योजनाएं चलाई हैं, जिनका जनता सीधे लाभ उठा रही है। यही कारण है कि यूपी का चहुंमुखी विकास हो रहा है।’ यह कहना है कि राजनीतिक पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी का।
राजेंद्र चौधरी मंगलवार को जीटी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी के सर्किट हाउस में सपाइयों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सीएम की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। इस दौरान उन्होंने जनता की शिकायतें भी सुनीं।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जाति धर्म के आधार पर प्रदेश का सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने सूझबूझ के साथ सद्भाव को नहीं बिगड़ने नहीं दिया।
उनका कहना था कि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर हुई है। समाजवादी पेंशन योजना ने गरीबों के घरों में उजाले की किरण दी है। बीमार लोगों को निशुल्क इलाज और समाजवादी एंबुलेंस चलाकर मुख्यमंत्री ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेट्रो परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा निशुल्क तीर्थ यात्रा कराने के लिए ‘समाजवादी श्रवण यात्रा’ चलाकर हरिद्वार, ऋषिकेश, अजमेर शरीफ,, पुष्कर, रामेश्वरम और तिरुपति के दर्शन के लिए बुजुर्गों को भेजा जा रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, जेपी कश्यप, धर्मवीर डबास, अरुण चौधरी पार्षद सहित अनेकों गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।