साहिबाबाद। साहिबाबाद थानाक्षेत्र स्थित एक आईटी कंपनी से 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई हैकिंपनी निदेशक का आरोप है कि नीरज झा ने 16 इंजीनियरों की सेवाएं लेने के बाद फर्जी विदेशी मुद्रा भुगतान की रसीद भेजकर उनके साथ धोखाधड़ी की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्याम पार्क एक्सटेंशन निवासी अनिल कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी आईटी कंपनी के निदेशक हैं। आरोपी नीरज झा ने उनकी कंपनी के 16 इंजीनियरों की सेवा ली और उसके भुगतान के लिए सैलरी रेमिटेंस कंफर्मेशन नाम से एक रसीद भेजी। इससे जॉर्जिया के बैंक से एक लाख जॉर्जियन लारी भेजने का दावा किया गया। कंपनी की ओर से लारी को भारतीय मुद्रा में बदलवाने का प्रयास किया तो रसीद फर्जी पाई गई। रसीद में अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग प्रणाली (स्विफ्ट) का गलत इस्तेमाल दिखाया गया। आरोपी ने शुरुआत से ही धोखाधड़ी की साजिश रची और इससे कंपनी को 56 लाख रुपये की हानि हुई है।
आरोपी पर पुणे में भी प्राथमिकी दर्ज होने का दावा
शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी के खिलाफ पुणे के हिंजेवाड़ी समेत अन्य स्थानों पर आईटी क्षेत्र के इंजीनियरों के साथ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। वर्मा ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर डिजिटल उपकरण जब्त करने, फर्जी रसीद की फॉरेंसिक जांच कराने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराने का भी अनुरोध किया है।
प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। उसके बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।- अतुल कुमार सिंह, एसीपी साहिबाबाद।