मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र पानी की कमी से जूझ रहा है। एनजीटी के आदेश के बाद केंद्रीय भूगर्भ जल बोर्ड ने औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री को सील कर दिया है। उद्यमी पूरी तरह से भूजल पर निर्भर हैं जबकि क्षेत्र में पानी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी हापुड़ नगर पालिका की है, जो क्षेत्र से 25 किलोमीटर दूर है।
अधिकांश औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमी भूजल का उपयोग कर रहे हैं। गिरते जलस्तर को देखते हुए एनजीटी ने भूजल दोहन रोकने का आदेश दिया है। मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के अध्यक्ष एनएन मिश्रा ने बताया कि एनजीटी के आदेश के बाद से केंद्रीय भूगर्भ जल बोर्ड हरकत में आया है।
बोर्ड के अधिकारियों ने क्षेत्र की एक फैक्ट्री सिटी कोला को सील कर दिया है। फैक्ट्री के सील होने से अन्य उद्यमी भी घबराए हुए हैं। उद्यमियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन तक नहीं बिछी है। यदि पाइप लाइन बिछी होती तो वह जमीन से पानी का दोहन क्यों करते।
उद्यमियों का कहना है कि अगर प्रशासन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए तो भूजल का उपयोग करने की जरूरत ही नहीं पड़े। पानी की कमी से छोटी व मध्यम श्रेणी की फैक्ट्रियां बंद हो जाएंगी। औद्योगिक क्षेत्र का प्रशासनिक रूप से बंटवारा गलत हुआ है, जिसका खामियाजा उद्यमी उठा रहे हैं।