श्री दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर में चल रहे संत सनातन कुंभ के दूसरे दिन शनिवार को मंदिर में संत महात्मा महामंडलेश्वर सहित राजनेता पधारे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने कहा कि देश में परिवर्तन हो रहा है और संतों का मार्गदर्शन रहा तो जल्द ही देश विश्व गुरु बनेगा।
उन्होंने कहा कि संतों द्वारा दिया गया ज्ञान हमेशा आगे बढ़ने में मदद करता है। उन्होंने श्रीकृष्ण और राधा की एक कथा सुनाते हुए कहा कि जो वस्तु हम प्रेम और भक्ति से उपार्जित कर सकते हैं वह शक्ति से उपार्जित नहीं कर सकते।
उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म ही ऐसा धर्म है, जो सारे विश्व के कल्याण की भावना को लेकर चलता है। उन्होंने बांग्लादेश में हुए आतंकवादी हमले की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व से आतंकवाद को खत्म करने की मुहिम प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की है और इसमें जरूर सफलता मिलेगी।
इससे पहले श्री महंत गौरी गिरि स्मृति समारोह के अवसर पर सुबह आठ बजे महंत नारायण गिरि विद्यापीठ के आचार्य एवं छात्रों ने सभी गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी संतों और महामंडलेश्वर ने भी गुरुओं को श्रद्धांजलि दी।
अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु संतों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर धर्मपाल गर्ग, आचार्य लक्ष्मीकांत पाढ़ी, शृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल, भारती सिंह, भाजपा नेता नीरज सिंह, रामविलास वेदांती, महामंडलेश्वर नवलकिशोर दास, महामंडलेश्वर हरि गिरि महाराज, प्रेम गिरि महाराज, गोल्डन बाबा, साध्वी देवा ठाकुर, एसआर सुथार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।