साहिबाबाद। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग का समय से काम पूरा न होने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय निवासी लगातार सोशल मीडिया से अधूरे दिल्ली-सहारनपुर मार्ग के निर्माण को जल्द पूरा कराने की मांग उठा रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी स्थानीय निवासी अरुण गुप्ता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की।
स्थानीय निवासी अरुण गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की ओर जाने वाली लोनी बॉर्डर क्षेत्र में लोनी डिपो से दिल्ली की ओर जाने वाले आधे मार्ग पर करीब डेढ़ माह से काम रुका हुआ है। यहां आधी सड़क निर्मित हो चुकी है, जबकि आधी सड़क में आज भी गड्ढे हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहन चालक हर दिन चोटिल हो रहे हैं। जिलाधिकारी से शिकायत में उन्होंने कहा कि यह महज सड़क की सामान्य समस्या नहीं है बल्कि इस सड़क से गुजरने वाले लाखों लोगों की जीवन सुरक्षा का सवाल है। बता दें कि करीब एक वर्ष से लोक निर्माण विभाग दिल्ली सहारनपुर मार्ग का निर्माण करवा रहा है, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। विभाग के मुख्य अभियंता राम राजा का कहना है कि इस सड़क पर जल निगम की ओर से सीवरलाइन डालने का काम कर रही है, इस वजह से फिलहाल सड़क निर्माण कार्य रोकना पड़ा है।