गाजियाबाद। जीपीए (गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन) के पदाधिकारियों ने बैठक में आरटीई दाखिला शुरू होने में हो रही देरी पर विभाग पर ढिलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया है। पदाधिकारियों ने कहा कि अभिभावकों की ओर से रोजाना दाखिलों की तिथि पूछी जा रही है।
रविवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली सुस्त होने की वजह से हजारों गरीब बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। शिक्षा विभाग की ओर से आरटीई से संबंधित अधिसूचना अभी तक जारी नहीं की गई है। जीपीए सचिव अनिल सिंह ने दाखिला प्रक्रिया में हो रहे विलंब और विभाग की खामियों पर गहरा रोष व्यक्त किया है। कहा कि आमतौर पर दिसंबर में शुरू होने वाली यह प्रक्रिया जनवरी 2026 के मध्य तक भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। जीपीए सदस्य साधना सिंह ने कहा कि हमारी टीम की मजबूती ही हमारी असली ताकत है। स्कूल फीस, किताबों के बढ़ते दाम और शिक्षा की गुणवत्ता आरटीई की योजना हर जरूरतमंद तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर हमें और भी सजग होकर काम करना होगा। इस मौके पर सतपाल चौधरी, अनिल सिंह, नरेश कुमार, पवन शर्मा, संजय पंडित, धर्मेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।