साहिबाबाद। मतदाता सूची प्रकाशन के बाद कई विसंगतियां सामने आई। मंगलवार को बूथों पर पहुंचे लोगों की शिकायत रही कि सूची में फोटो, नाम और पते आदि जानकारी में गड़बड़ियां हैं। किसी परिवार के सदस्यों का नाम ही सूची से गायब है तो कहीं फोटो ब्लर होने की वजह से मतदाताओं की पहचान नहीं हो पा रही है। वहीं, जानकारी के अभाव में पहले दिन बूथों पर बहुत कम लोग ही पहुंचे।
सीन एक:-
दोपहर 12:30 पर प्रह्लादगढ़ी प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 251 से 257 तक के बीएलओ तो मौजूद रहे, लेकिन मतदाता नहीं पहुंचे। बीएलओ संजय सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में संशोधन और ऑनलाइन आवेदन के बाद मतदान केंद्र में बदलाव की शिकायतों को लेकर मोहन नगर क्षेत्र में मतदाता बीएलओ के पास पहले जैसी संख्या में नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में फोटो और मोबाइल नंबर बदलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इनके अलावा भी कई अन्य लोगों की समस्याएं सामने आईं।
सीन दो:-
दोपहर करीब डेढ़ बजे कड़कड़ मॉडल कंपोजिट विद्यालय स्थित बूथ पर अपनी शिकायत लेकर पहुंची रंजना कुमारी ने बताया कि मतदाता सूची में उनका नाम तो है, लेकिन मां गायत्री, पिता शिव कुमार शर्मा और भाई रवि शर्मा का नाम कट गया है। उनका परिवार पहले बृज विहार में रहता था। परिवार के आधार कार्ड पर भी बृज विहार का पता दर्ज है। तीनों के नाम सूची में नहीं मिले। सूची में सूरज नाम के व्यक्ति के सामने किसी महिला की तस्वीर लगी थी। इस दौरान बूथ पर मौजूद पार्षद जोगिंदर सिंह ने बीएलओ के सामने फॉर्म वितरण में लापरवाही का मुद्दा उठाया।
सीन तीन:-
दोपहर 1:10 पर दिवाकर मॉडल बूथ पर बीएलओ बैठे हुए थे जबकि करीब एक घंटे तक यहां कोई मतदाता शिकायत या आवेदन लेकर नहीं पहुंचा। बीएलओ प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पास पूरे दिन में केवल 12 ही मतदाता पहुंचे। हालांकि उनके दस्तावेज में काेई खामी नहीं मिली। इन दिनों अधिकतर लोग अब ऑनलाइन प्रक्रिया को अपना रहे हैं, यही वजह है कि बूथ पर गिनती के लोग पहुंच रहे हैं।
सीन चार:-
दोपहर दो बजे राजेंद्र नगर स्थित डीएवी स्कूल पर भी कोई मतदाता नहीं पहुंचा। यहां भी बीएलओ बैठै हुए थे और मतदाता सूची की जांच कर रहे थे। बीएलओ मीता ने बताया कि सुबह ही कुछ लोग पहुंचे थे जिन्होंने सूची में फोटो और मोबाइल नंबर गलत होने की शिकायत की। मतदाता पहचान पत्र में दर्ज जानकारी और ऑनलाइन रिकॉर्ड में अंतर दिखाई दे रहा है।