आपका क्षेत्र आपकी आवाज
साहिबाबाद। प्रह्लादगढ़ी में मकानों की दीवारों पर लोहे के एंगल लगाकर बिजली के तारों का जाल बिछाया गया है। तारों की इस व्यवस्था के कारण बारिश के दौरान स्पार्किंग होने और घरों की दीवारों में करंट उतरने का खतरा बना रहता है। तार भी गलियों में जगह-जगह नीचे झूल रहे हैं। आंधी व तेज हवा में टूटने का डर भी बना रहता है। इससे परिवारों को हादसे की आशंका सताती रहती है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
क्या बोले निवासी
घर की दीवार के सहारे लोहे के एंगल पर बिजली के तार लगाए गए हैं। बारिश के दौरान तारों में स्पार्किंग होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में परिवार के सदस्यों को दीवार के पास जाने में भी डर लगता है। - रोहित कुमार, निवासी।
बिजली के तारों की व्यवस्था सुरक्षित नहीं है। लोगों को आशंका है कि बारिश के समय करंट फैलने से कोई हादसा हो सकता है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। - आरपी सिंह, निवासी।
घरों के आसपास बिजली के तार होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ने की आशंका रहती है। हादसा रोकने के लिए तारों को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।-धर्मवीर सिंह, निवासी।
बिजली की आपूर्ति जरूरी है, लेकिन तारों को सुरक्षित तरीके से लगाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऊर्जा निगम को शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी कम हो सकेगी।- रामपाल जाटव, निवासी।