जहांगीराबाद। नगर के पुख्ता बाजार स्थित सुहाग ज्वेलर्स की दुकान में काम करने वाले नौकर ने ही मालिक के साथ विश्वासघात किया। बीते कुछ महीनों से नौकर दुकान से चोरी करता रहा। सोमवार को मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया।
पुख्ता बाजार निवासी कमल वार्ष्णेय की सुहाग ज्वेलर्स दुकान पर गिरीश वर्मा निवासी ऊंचागांव, थाना नरसेना पिछले दस साल से नौकरी कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज से मालिक को चोरी का संदेह हुआ तो उन्होंने माल का मिलान किया। जांच में सामने आया कि गिरीश अब तक धीरे-धीरे करीब पांच किलो चांदी चोरी कर चुका है। मालिक की शिकायत पर पुलिस ने गिरीश को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात कुबूल कर ली। मंगलवार को सीओ रामकरण सिंह ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर करीब एक किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपी गिरीश वर्मा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस शेष चोरी का माल बरामद करने के प्रयास में जुटी है।