फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: भोजपुर में बदमाशों ने प्रबंधक और किसान को मारी गोली, हालत गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
मोदीनगर। भोजपुर के अमराला गांव में बुधवार रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने पत्नी और बहन के साथ टहल रहे निजी कंपनी के मैनेजर रजनीश शर्मा के सीने में गोली मार दी। बदमाश तीनों को अगवा कर ईख के खेत में ले गए और बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने मैनेजर की पत्नी रचना शर्मा और बहन को भी हथियार की बट मारकर घायल कर दिया।
विज्ञापन

बदमाशों ने उनके मोबाइल और महिलाओं के गहने खेत में फेंक दिए। इस घटना के दो घंटे बाद चार बदमाशों ने किसान अजित के घर का दरवाजा खटखटाकर उनके गले पर गोली मार दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। रजनीश शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों घटना की जानलेवा हमले की धारा में अलग-अगल रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव अमराला के रहने वाले रजनीश शर्मा (35) मोदीनगर स्थित एक निजी कंपनी में प्रबंधक हैं। पत्नी रचना शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह और रजनीश व रजनीश की बहन कविता शर्मा गांव पट्टी मार्ग पर जंगल की तरफ टहलने गए थे। कुछ दूर जाने के बाद वह गांव की तरफ लौट रहे थे। आरोप है कि तभी तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल की टॉर्च की रोशनी से रजनीश का चेहरा देखकर उनके सीने से सटा गोली मार दी। गोली रजनीश की सीने में दायीं तरफ फंस गई। गोली लगते ही लहूलुहान रजनीश जमीन पर गिर गए। बहन कविता शर्मा शोर मचाते हुए गांव की तरफ दौड़ी तो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और घायल रजनीश सहित सभी को घसीटते हुए ईख के खेत में ले गए।
विज्ञापन

-विक्रम ने हत्या करने के लिए दी है 25 लाख की सुपारी-
बदमाश प्रबंधक को हथियारों के बल पर अगवा कर खेत में ले गए, वहां उन्हें बंधक बनाकर आतंकित करने लगे। रचना और कविता बदमाशों से मिन्नत करती रहीं और मंगलसूत्र, कुंडल व चेन आदि उतारकर बदमाशों को दे दी। बदमाशों ने उनके मोबाइल और गहने लेकर खेत में फेंक दिए। बदमाशों ने उन्हें धमकाया कि वह लूट नहीं हत्या करने आए हैं। विक्रम ने उन्हें हत्या करने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी है। बदमाशों ने रचना और कविता के सिर में हथियार की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया। रचना और कविता ने बदमाशों से गिड़गिड़ाते हुए कहा कि न तो उनकी किसी से कोई रंजिश है और न ही वह विक्रम को जानते हैं। इसके बाद बदमाशों ने उनके फोटो खींचकर कर किसी के मोबाइल पर भेजे और कॉल की। वहां से कॉलर ने बदमाशों को गलत आदमी पर हमला करने की जानकारी दी। इसके बाद बदमाश घटना की पुलिस से शिकायत करने पर तीन दिन में परिवार को खत्म करने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। गंभीर रूप से घायल रजनीश को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
-किसान अजित के घर का दरवाजा खुलवाकर मारी गोली-
गांव के दूसरे छोर पर रह रहे किसान सोहनवीर ने बताया कि रात 12 बजे घर के पास कुछ हलचल हुई तो भतीजे अजित ने टोकाटाकी की। टोकने पर बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। 27 वर्षीय किसान अजित ने जैसे ही दरवाजा खोला तो बाहर खड़े चार बदमाश उससे गाली गलौज करने लगे और उस पर फायरिंग कर दी। गोली अजित के गले को टच करते हुए निकल गई। लहूलुहान अजित शोर मचाते हुए ईंट लेकर बदमाशों के पीछे दौड़े मगर बदमाश हाथ नहीं आए। अजित को भी गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
-बदमाश दो घंटे गांव में घूमे, पुलिस को नहीं लगी भनक-
रचना शर्मा के अनुसार बदमाशों ने उनके पति को रात करीब 10 बजे गोली मारी, जबकि अजित पर रात लगभग 12 बजे हमला हुआ। इस बीच पुलिस भी गांव में पहुंची मगर बदमाश बेखौफ होकर गांव में ही घूमते रहे और एक बाद एक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी।
तीस मिनट सिर पर मंडराती रही मौत
रचना शर्मा ने बताया कि रजनीश की बहन कविता शर्मा छुट्टी के कारण घर आई हुई है। रजनीश के काम से लौटने के बाद वह रोजाना गांव में पट्टी मार्ग की तरफ टहलने जाते थे। बुधवार रात भी वह,रजनीश और कविता शर्मा तीनों पट्टी मार्ग पर टहलने गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेर कर हमला कर दिया। गोली लगने के बाद लहूलुहान रजनीश दर्द से दर्द से तड़प रहे थे उनके सीने से लगातार खून बह रहा था। उन्होंने बदमाशों से छोड़ने की खूब विनती की मगर, बदमाशों का दिल नहीं पसीजा और लगातार उनके साथ मारपीट करते रहे। रचना और कविता ने अपने दुपट्टे से रजनीश का खून रोका। बहन कविता दुपट्टों से रजनीश की छाती दबाकर बैठी रहीं। रचना और कविता ने बताया कि कई बार ऐसा लगा कि जैसे बदमाश गोली मारकर अब उनकी हत्या कर देंगे। लगभग तीस मिनट तक मौत उनके सिर पर मंडराती रही। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल रजनीश को उपचार के लिए मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले गए।-बदमाशों ने दो मकान खंगाले
इसके अलावा गांव में बुधवार रात ही बदमाशों ने दो मकानों के ताले भी तोड़े। बदमाशों ने ग्रामीण कंवरपाल के मकान का ताला तोड़कर घर खंगाला, वहां बदमाशों को कोई कीमती सामान नहीं मिला। कंवरपाल और उनका परिवार दिल्ली में रहता है। बदमाशों ने कंवरपाल के भाई हरिओम के मकान का भी ताला तोड़कर उनका घर भी खंगाल डाला। बदमाशों को दोनों जगह कोई कीमती सामान नहीं मिला।
बयान
रजनीश शर्मा की पत्नी रचना शर्मा और अजित के चाचा सोहनवीर की तहरीर पर जानलेवा हमले की दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की गई है। खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों ने किसी भी रंजिश से इन्कार किया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। - ज्ञानप्रकाश राय, एसीपी मोदीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें