दशमी के दिन दुर्गा पंडालों से मां जगदंबेे की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन से पहले महिलाओं ने दुर्गा पंडालों में सिंदूर खेला। धूमधाम से मां की विदाई की गई। दशमी के दिन सभी दुर्गा पंडालों से मां दुर्गा की विदाई हुई।
कविनगर में विवेकानंद स्कूल में बने पूजा पंडाल में सुबह महाआरती हुई। इसके बाद दोपहर में महिलाओं ने दुर्गा मां को सिंदूर लगाकर सिंदूर से होली खेली। सिंदूर खेला के बाद मां की मूर्तियों को विसर्जन के लिए मुरादनगर ले जाया गया।
इस मौके पर अध्यक्ष शंकर दास गुप्ता, प्रभात सरकार, पार्थो राय, अरिंदम राय, बाबू बनर्जी मौजूद रहे। उधर, संजयनगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में भी सिंदूर खेला के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। स्वयंभू शिव मंदिर के पुजारी पंडित गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि सुबह पूजा के बाद घट विसर्जन हुआ।
मोदीनगर-मुरादनगर में छोटा हरिद्वार गंगाघाट प्राचीन शनि मंदिर के पास बने अस्थाई तालाब में दुर्गा मूर्ति विसर्जन हुआ। इस दौरान एसएसपी के सुनील इमेनुअल, एसपी देहात राकेश पांडे, एसओ सुबोध सक्सेना ने पुलिस बल के साथ अस्थाई तालाब के पास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
प्राचीन शनि मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी ने बताया कि अस्थाई तालाब में दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, मेरठ, परतापुर आदि स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन किया। मोदीनगर गोविंदपुरी स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन किया।