वैशाली। सेक्टर-4, वार्ड संख्या-77 स्थित मुख्य मार्केट में नगर निगम की ओर से कार पार्किंग के लिए अधिकृत जगह पर अवैध दुकानों के संचालन का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्थानीय नागरिक डॉ. सुनील वैध ने मुख्य नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी और वसुंधरा जोनल प्रभारी को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत के अनुसार, नगर निगम की ओर से ठेकेदार को जिस पार्किंग स्थल के संचालन की अनुमति दी गई है, उस पर स्पष्ट रूप से बोर्ड लगा है-गाजियाबाद नगर निगम, पार्किंग स्थल वैशाली आरके टावर। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा पार्किंग स्थल में अवैध रूप से दुकानें लगवा दी गई हैं। पहले से ही फुटपाथ पर दुकानों के कारण जगह घिरी हुई है, ऐसे में मार्केट आने वाले लोगों को वाहन पार्क करने की सुविधा नहीं मिल पा रही।
सड़कों पर लगा रहता है लंबा जाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि मजबूरी में वे अपनी गाड़ियों का लगभग 20 से 25 प्रतिशत हिस्सा सड़क पर खड़ा कर देते हैं, जिससे लगातार यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। करीब 300 मीटर लंबी मार्केट सड़क पर एक समय में लगभग 25 वाहन रुक-रुक कर चलते हैं, जिससे इस दूरी को पार करने में प्रत्येक वाहन को 1 से 2 मिनट का समय लग रहा है।