मुरादनगर। कोट मोहल्ला और इंदिरापुरी कॉलोनी में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का मामला सामने आया है। विजिलेंस टीम ने सोमवार देर रात छापेमारी कर कटिया डालकर संचालित किए जा रहे अवैध ई-रिक्शा और स्कूटी चार्जिंग प्वाइंट बंद करा दिए। मामले में दो लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विजिलेंस विभाग को लंबे समय से क्षेत्र में संगठित तरीके से बिजली चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर एसडीओ एसपी यादव के नेतृत्व में टीम ने दोनों कॉलोनियों में अभियान चलाया। जांच के दौरान दो स्थानों पर बिजली लाइन से सीधे कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही थी। बिजली से ई-रिक्शा, स्कूटी और अन्य बैटरी चालित वाहन चार्ज किए जा रहे थे। विभाग के अनुसार, अवैध चार्जिंग प्वाइंट संचालक वाहन चालकों से चार्जिंग के बदले निर्धारित राशि वसूल रहे थे। इससे विद्युत निगम को हर माह लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। विजिलेंस टीम के पहुंचते ही कई संचालक मौके से भाग गए। टीम ने अवैध चार्जिंग प्वाइंट बंद कर दिए। एसडीओ एसपी यादव ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले आमिर निवासी कोट कॉलोनी और फैजल निवासी इंदिरा कालीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों पर जुर्माना लगाने के साथ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आगे भी बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान जेई संदीप चौहान, जेई विपिन पासी समेत विजिलेंस और विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।