जंक फूड छोड़ें, अनियमित माहवारी से बचें
गाजियाबाद। आजकल कम उम्र की लड़कियों और किशोरियों में भी अनियमित माहवारी का होना देखा जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण है अनियमित खानपान और फास्ट फूड का सेवन करना। माहवारी कभी होना, कभी न होना, देर से होना, अनियमित समय पर होना, कभी कम और कभी ज्यादा मात्रा में श्राव होना यह सब परेशानियाें को सामना करना पड़ता है।
अकसर अनियमित माहवारी किशोरावस्था की लड़कियों को होती है। कुछ महिलाओं में भी यह समस्याएं आ रही हैं। इसका कारण एनिमिया या हार्मोनल डिसऑर्डर भी हो सकता है लेकिन आजकल की लाइफस्टाइल, लैपटॉप-मोबाइल का अधिक इस्तेमाल, आउटडोर एक्टिविटी का खत्म हो जाना, पढ़ाई और नौकरी के तनाव की वजह से यह परेशानियां ज्यादातर महिलाओं और किशोरियों में देखी जा रही हैं। इसके अलावा सबसे बड़ा कारण है जंक फूड का सेवन करना, रातभर जगना, दिन में सोना, फ्रोजन फूड का इस्तेमाल करना या फिर डाइटिंग करना। स्मोकिंग-ड्रिकिंग जैसी अनियमित लाइफस्टाइल कारण बन रही है इसलिए कितना भी बिजी शेड्यूल हो अपने लिए समय निकालें, व्यायाम करें। मैदा काफी हार्मफुल होती है इसलिए जंक फूड को अवॉयड करें। नियमित व्यायाम करें। आउटडोर गेम्स खेलें जो व्यायाम के साथ-साथ एक अच्छा स्ट्रेसबस्टर होता है। खाने में आयरन, प्रोटीन और न्यूट्रीशन से भरपूर हरी सब्जियां, दालें, ड्राई फ्रूट्स, दूध पनीर आदि का सेवन करें और जंक फूड से परहेज करें। परेशानियां शुरू हों तो एक बार डॉक्टर से चेकअप जरूर कराएं। - डॉ. सीमा वार्ष्णेय, स्त्रीरोग विशेषज्ञ