गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को हिंदू वीर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यम पंडित ने सोशल मीडिया पर विवादित और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह मीट की दुकानें बंद करवाते हुए विवादित टिप्पणी कर रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया है।
वीडियो में सत्यम पंडित और उसके कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए मीट की दुकानों को बंद कराने की धमकी दी। इस दौरान कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। वीडियो में सत्यम पंडित ने मंगलवार को दुकान खोलने की परमिशन भी दुकानदारों से मांगी और दुकान बंद करने की हिदायत दी। सत्यम पंडित यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि यदि मंगलवार को मीट की दुकानें खोली गईं, तो आग लगा दी जाएगी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दुकानदार हजरत अली की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।