गाजियाबाद। आरटीई के तहत निशुल्क दाखिला देने से मना करने वाले 28 विद्यालयों को डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने एक सप्ताह के भीतर आरटीई के दाखिले देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेताया कि तय समय सीमा तक दाखिला न देने पर संबंधित विद्यालयों को सील कर दिया जाएगा।
सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आरटीई की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर डीएम ने यह निर्देश दिए। बैठक में 28 विद्यालयों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। डीएम ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पात्र बच्चों को दाखिला एक सप्ताह के भीतर मिलना चाहिए। कहा कि यदि कोई विद्यालय आवंटित पात्र बच्चों को दाखिला नहीं देता है, तो उस विद्यालय को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उसकी मान्यता पर भी आंच आएगी। बैठक में अनुपस्थित विद्यालय सीपी आर्य स्वर्ण जयंतीपुरम की ओर से बार-बार विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने के कारण डीएम ने आज विद्यालय के प्रतिनिधि को अपने कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान डीएम ने प्रत्येक खंड शिक्षा अधिकारी अभिभावकों की समस्याओं को प्राथमिकता पर रख उनका समाधान करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर बीएसए ओपी यादव, आरटीई जिला समन्वयक अभिनव गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी ममता भारती, अभिषेक यादव, जमुना प्रसाद, कविता चौहान, महिमा आदि मौजूद रहे।