बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के धमेड़ा अड्डा स्थित नई बस्ती में पति ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने सास पर भी हमला किया और फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नई बस्ती निवासी शबनम पत्नी सलाउद्दीन ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 सितंबर को उसकी पुत्री मुस्कान और खुशबू घर में मौजूद थीं। उसकी बेटी खुशबू को देखने के लिए मेहमान आने वाले थे।
मुस्कान का पति जाहिद भी घर आया था। जाहिद अपने साथ एक बैग लाया था। उसकी बेटी ने जाहिद को पानी दिया और दूसरे कमरे में चली गई, इस दौरान वो खुद कुरआन पढ़ रही थी। तभी उसकी बेटी मुस्कान के चिलाने की आवाज आई, वह कमरे गई तो देखा कि जाहिद के हाथ में छुरा था।
छाती के नीचे से बह रहा था खून
छुरे पर खून लगा हुआ था। मुस्कान का गला कटा हुआ था, जिससे लगातार खून बह रहा था, उसके बाएं हाथ से भी खून बह रहा था। साथ ही छाती के नीचे से खून बह रहा था। जाहिद ने उसकी पुत्री मुस्कान को जान से मारने की नीयत से छुरे से गला काट दिया।
सास पर भी किया हमला, बाल पकड़कर छुरे से किया वार
मुस्कान ने जब अपना बचाव किया तो उसका हाथ भी काट दिया और छाती के नीचे छुरे से वार कर घायल कर दिया। आरोप है कि जब पीड़ित शबनम ने बेटी मुस्कान को दामाद से बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके सिर के बाल पकड़कर छुरे से वार किया।
इसी बीच दूसरी बेटी खुशबू ने आरोपी के हाथ पर चिमटा मारा, जिससे छुरे का वार चूक गया। इसी बीच इमरान भी मौके पर आ गया और जाहिद को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी फरार हो गया। पुत्री को घायल अवस्था में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने जाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।