गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित एक कॉलोनी में खाने में नमक कम होने से नाराज युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। आरोप है कि पिटाई से महिला का गर्भपात हो गया। पीड़िता के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
मेरठ निवासी एक युवती की शादी एक साल पहले मुरादनगर की एक कॉलोनी निवासी युवक के साथ हुई थी। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात को खाने में नमक कम होने से नाराज युवक ने अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
आरोप है कि पिटाई से पत्नी का गर्भपात हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच बचाव कराया। सूचना पुलिस व मायके पक्ष के लोगों को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
दोनों पक्षों में समझौता का प्रयास हो रहा है। बताया गया है कि पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया है। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।