पति एरिया मैनेजर तो पत्नी थी डायटीशियन
पुलिस के अनुसार, इंदिरापुरम की साया गोल्ड सोसायटी के टावर-सात में आशीष आनंद (36) अपनी पत्नी नीलम त्यागी (32) और छह साल की बेटी अश्विका के साथ रहते थे। आसपास के लोगों ने बताया कि आशीष दिल्ली की जीएसके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी नीलम पहले इंदिरापुरम के एक निजी अस्पताल में डायटीशियन थीं। पिछले कुछ समय से वह घर से ही लोगों को डाइट प्लान दे रही थीं और ऑनलाइन काउंसलिंग भी करती थीं। उन्होंने दो साल पहले ही इस सोसायटी में फ्लैट खरीदा था।
आशीष ने पहना था हेलमेट, नीलम ने नहीं
नीलम के भाई गौरव ने बताया कि वह बागपत के धटौली के रहने वाले हैं और रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने आए थे। रविवार को छुट्टी होने के चलते आशीष और नीलम तुराबनगर बाजार में शॉपिंग के लिए निकले थे। घर से कुछ दूर पहुंचते ही थे कि पीछे से आए पंजाब के होशियारपुर में पंजीकृत लोडेड बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के समय आशीष ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि नीलम बिना हेलमेट के थीं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच सीसीटीवी के सहारे
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
जाम से बचने के लिए खरीदी थी बाइक
मृतक नीलम के भाई गौरव ने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक नई बाइक खरीदी थी, जिसका अभी नंबर भी नहीं आया था। दंपती जाम से बचने के लिए उसी बाइक से निकले थे। गौरव ने बताया कि आशीष के बड़े भाई अंकुर ताइवान में नौकरी करते हैं। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है और वह भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। आशीष के माता-पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था।
हादसे के बाद लगा जाम, लोगों ने किया हंगामा
एनएच-9 पर सड़क के बीच ट्रक खड़ा होने और भीड़ जमा होने से दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले रास्ते पर एक घंटे तक जाम लग गया। वहीं, मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर भी लोग वाहन रोककर हादसा देखने लगे, जिससे उस तरफ भी जाम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर ट्रक को कब्जे में लिया और जाम खुलवाया।
2019 में हुई थी शादी
गौरव ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन नीलम की शादी 26 मार्च 2019 को आशीष के साथ की थी। पहले वे प्रताप विहार, गाजियाबाद में किराए के घर में रहते थे। दो साल पहले ही उन्होंने अपना फ्लैट खरीदा था। फिलहाल उनकी बेटी अश्विका अपने नाना-नानी के पास है। बच्ची को अभी हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।